खबर वर्ल्ड न्यूज़ देश-विदेश । भारतीय कश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने बुधवार को विश्व चैंपियनशिप से भारतीय टीम को हटा लिया और विश्व संचालन संस्था यूडब्ल्यूडब्ल्यू को सूचित किया कि खेल मंत्रालय उसकी स्वायत्तता में हस्तक्षेप कर रहा है। सीनियर विश्व चैम्पियनशिप 12 गैर ओलंपिक वर्गों में 28 अक्टूबर से अल्बानिया के तिराना में आयोजित होगी। डब्ल्यूएफआई ने हाल में अंडर 23 और विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन ट्रायल की घोषणा की थी और प्रदर्शनकारी पहलवानों ने चयन ट्रायल की वैधता पर सवाल उठाते हुए अदालत की अवमानना के तौर पर चुनौती दी थी। डब्ल्यूएफआई ने चयन ट्रायल नोटिस वापस ले लिया और अदालत ने चार अक्टूबर को अवमानना याचिका पर आगे नहीं बढ. ने का फैसला किया। डब्ल्यूएफआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत कादियान ने हाल में अदालत का दरवाजा खटखटाया और कहा कि डब्ल्यूएफआई पर अदालत की अवमानना का आरोप लगाया जाना चाहिए। अब हम विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम नहीं भेज पायेंगे। हमने यूडब्ल्यूडब्ल्यू को यह बता दिया है। सूत्र ने कहा, यह सब मंत्रालय के निलंबन के कारण हो रहा है। निलंबन बनाये रखने का कोई आधार नहीं है। अगर मंत्रालय निलंबन हटा देता है तो ये सभी मुद्दे नहीं होंगे।
अध्यक्ष ने लिखा था यूडब्ल्यूडब्ल्यू को पत्र
खेल मंत्रालय ने नये अधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान के तुरंत बाद 24 दिसंबर को डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया था। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने यूडब्ल्यूडब्ल्यू के अध्यक्ष नेनाद लालोविच को पत्र में लिखा, दुर्भाग्य से खेल मंत्रालय का डब्ल्यूएफआई की स्वायत्तता में हस्तक्षेप करना जारी है। खेल मंत्रालय ने 24 दिसंबर 2023 को डब्ल्यूएफआई के दैनिक प्रशासन का काम बंद करने और रोकने का आदेश दिया और भारतीय ओलंपिक संघ (भारत की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति) को डब्ल्यूएफआई के संचालन के लिए तदर्थ समिति बनाने का निर्देश दिया।

