खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं निगम राजस्व विभाग सभापति आलोक अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस ने नगर निगम में दो-दो नेता प्रतिपक्ष बना कर स्वयं यह बता दिया है कि कांग्रेस के अंदरखाने में कितनी खींचतान और लड़ाईयां चल रही है। प्रदेश कांग्रेस से भेजे गये दो अनुभवी पर्यवेक्षकों से भी तय नहीं हो पाया कि 23 कांग्रेसी पार्षदों का नेता कौन होगा। गुटबाजी व हार की हताशा में डूबी कांग्रेस ने निगम में दो नेता प्रतिपक्ष बनाया। नगर निगम में कांग्रेस के द्वारा बड़ा और छोटा नेता प्रतिपक्ष बनाने की राजनीतिक घटना पहली बार हुई है।
आलोक अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की करतूतों के कारण प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में उन्हें कान पकड़ कर सत्ता से बाहर कर दिया। लोकसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ की जनता जनार्दन ने झूठी कांग्रेस को सच्चाई का आईना दिखाकर भाजपा को ही चुना। हार की हताशा कांग्रेस के सर चढ़कर बोल रही है और कांग्रेस के नेता खेमे बाजी में बंटकर एकदूजे को निपटाने का खेल खुलकर खेल रहे हैं। दो- दो नेताप्रतिपक्ष बनाना इसका प्रमाण है। उन्होने कहा कि सत्ता सुख से दूर होने के बाद अब कांग्रेस के नेताओं में संगठन में बडा़ पद पाने की होड़ मची है। प्रदेश कांग्रेस के हस्तक्षेप के बाद भी बतौर विपक्ष कांग्रेस का मौजूदा संगठन नेता प्रतिपक्ष के लिये एक नाम तक नहीं चुन पाया।

