नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। पूर्व विजेता का सामना आयरलैंड से न्यूयॉर्क के नसाउ इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। जाहिर है दोनों टीमें जीत ही चाहेंगी। भारत का पलड़ा हालांकि इस मैच में भारी लग रहा है, लेकिन आयरलैंड को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
आयरलैंड की टीम पहले भी कई उलटफेर कर चुकी है और उसने हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मात दी थी। इसलिए इस टीम को हल्के में लेना टीम के लिए भारी पड़ सकता है। इस मैच में सबसे ज्यादा नजर टीम इंडिया के कॉम्बीनेशन पर रहेंगी, यानी भारत की प्लेइंग-11 क्या होगी?
भारत की प्लेइंग-11 को लेकर सबसे बड़ा सवाल ये है कि विराट कोहली कहां खेलेंगे? क्या विराट ओपनिंग करेंगे या फिर अपने नंबर-3 पर ही आएंगे। विराट कोहली ने आईपीएल में ओपनिंग की थी और इसी कारण टी20 वर्ल्ड कप में उनके ओपनिंग करने की संभावना जताई जा रही है। विराट कोहली अगर ओपनिंग करते हैं तो भारत के पास एक अतिरिक्त ऑलराउंडर खिलाने का मौका होगा।
रोहित शर्मा और विराट ओपनिंग करेंगे तो नंबर-3 पर सूर्यकुमार यादव आएंगे। यहां ऋषभ पंत को भी देखा जा सकता है क्योंकि वार्मअप मैच में उन्होंने ओपनिंग की थी। वैसे भी टॉप ऑर्डर में भारत के पास कोई लैफ्ट हैंड का बल्लेबाज नहीं है। तीसरे-चौथे नंबर पर पंत और सूर्या ही दिखेंगे। उनके बाद हार्दिक पंड्या और फिर शिवम दुबे आएंगे। लेकिन अगर कोहली ओपनिंग नहीं करते हैं तो फिर यशस्वी जायसवाल ओपन करेंगे और फिर कोहली तीसरे नंबर पर खेलेंगे।
जहां तक गेंदबाजी की बात है तो सभी की निगाहें जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव पर होंगी। बुमराह ने पिछला टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेला था। इस बार उन पर काफी जिम्मेदारी है और पिच भी गेंदबाजों की मददगार है। बुमराह का खेलना तय है। उनके साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी होंगे। मोहम्मद सिराज के रूप में भारत के पास तीसरा तेज गेंदबाज होगा। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के सिर स्पिन की जिम्मेदारी होगी। जरूरत पड़ी तो शिवम दुबे को भी गेंदबाजी कराई जा सकती है।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

