नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को मात देकर आईपीएल 2024 का खिताब अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने शानदार खेल दिखाया। जीत के बाद अय्यर भावुक हो गए। अय्यर ने पहली बार आईपीएल जीता और वो भी कप्तान के तौर पर। मैच के बाद अय्यर ने एक हैरान करने वाला खुलासा कर दिया। अय्यर ने कहा कि पैट कमिंस के एक फैसले से उनकी टीम को वो करने में मदद मिली जो वो चाहते थे और इसी कारण वह आईपीएल जीतने में सफल रहे।
अय्यर ने इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में दिल्ली ने साल 2020 में पहली बार आईपीएल फाइनल खेला था लेकिन मुंबई इंडियंस से हार गई थी। वह जब तक दिल्ली के कप्तान थे टीम को लगातार प्लेऑफ में ले जा रहे थे। दिल्ली के साथ वह खिताब नहीं जीत पाए और अब कोलकाता के साथ उन्होंने ये कमी पूरी कर ली।

