खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-दंतेवाड़ा। जिले के सीमा क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम गमपुर के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर गुरुवार की रात जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। आज शुक्रवार सुबह जवान जैसे ही नक्सलियों के इस इलाके में पहुंचे तो वहां मौजूद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दिया। जवानों की जवाबी कार्रवाई में नक्सली मौके से भाग खड़े हुए। फिलहाल मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद है, गोलीबारी रुकी हुई है, इलाके की सर्चिंग जारी है। विदित हो कि जवानों और नक्सलियों के बीच जहां मुठभेड़ हुई है, यह इलाका ग्राम गमपुर बैलाडीला के तराई वाला क्षेत्र है, जिसे नक्सलियों का कोर एरिया माना जाता है।
दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी के नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना पर जवान निकले थे, गमपुर में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई है। सर्चिंग अभियान जारी है, जवानों के वापसी के बाद ही विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।
उल्लेखनिय है कि दंतेवाड़ा में जवानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं, जिसमें जवानों को लगातार सफलता भी मिल रही है। इससे पहले भी माड़ क्षेत्र में जवानों ने नक्सलियों द्वारा बनाई गई बड़ी सुरंग बरामद किया था। वहीं हफ्ते भर में दर्जनों आइईडी भी बरामद की जा चुकी है। नक्सल क्षेत्रों में खुल रहे कैंपों से अब नक्सलियों की एक के बाद एक सुरक्षित ठिकाने छीन रहे हैं, जिससे नक्सलियों का कोर एरिया का दायरा सिमटता जा रहा है।

