खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। जिले में नवपदस्थ एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला ने प्रेस से चर्चा करते कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब नक्सलवाद के विरूद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। कांकेर जिले का काफी भाग नक्सल प्रभावित है। यहां नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज किया जाएगा। नक्सलियों के अलावा उनके मददगारों चाहे वे किसी भी रूप में मदद करते हों उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नक्सलियों को सामान तथा अन्य चीजें सप्लाई करने वाले, उनके लिए शहरों में काम करने वाले, उनके षड्यंत्रों में शामिल हर किसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोग सावधान हो जाएं तथा नक्सलियों के लिए काम करना बंद कर दें।
खासकर नौजवान साथी नक्सलियों से दूर रहें। नक्सलियों के शहरी नेटवर्क का पता लगाया जाएगा तथा फिर चाहे वो जो भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आम जनता के लगातार संपर्क में रहेगी तथा उनके हितों के लिए काम करेगी। उन्होने कहा कि सट्टा तथा जुआ कहीं नहीं चलना चाहिए। इस पर कड़ाई से कार्रवाई जिले में कराई जाएगी। पुलिस में सेटिंग का कोई भी सिस्टम नहीं होगा। पहले से कहीं चल रहा होगा तो उसे भी बंद कराया जाएगा। इस तरह के मामलों में कहीं भी पुलिस की संलिप्ता पाई गई तो उनको भी नहीं बख्शा जाएगा।

