खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-नारायणपुर। जिले के थाना कोहकामेटा से डीआरजी एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम नक्सल अभियान हेतु माड़ क्षेत्र में रवाना हुए थे। इसी दौरान बुधवार को अबूझमाड़ के बेड़मामेटा के जंगल में मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान 03 नक्सलियों 1. रानू पोडिय़ाम निवासी बेड़मामेटा 2. सुधराम मण्डावी निवासी कट्टाकाल एवं 3. विजय पोडियाम निवासी बेड़मामेटा को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 03 नग भरमार बन्दूक, डेटोनेटर, बैटरी, बिजली वायर एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया है। गिरफ्तार तीनों नक्सली कुतुल एरिया कमेटी में सक्रिय थे, जवान बुधवार देर शाम को वापसी के बाद कोहकामेटा पुलिस गिरफ्तार नक्सलियों के विरूद्ध कार्यवाही कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार नक्सलियों के विरूद्ध थाना कोहकामेटा में धारा 147, 148, 149, 120(बी), 307 भादवि, 25, 27 आर्म्स एक्ट 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधि. धारा 10, 13, 16, 20, 38, 39 विधि विरूद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया। मामले में उक्त 03 आरोपी रानू पोडिय़ाम निवासी बेड़मामेटा, सुधराम मण्डावी निवासी कट्टाकाल एवं विजय पोडियाम निवासी बेड़मामेटा के मुठभेड़ में संलिप्तता पाये जाने से आज गुरूवार को कार्यवाही उपरांत न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

