खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-सुकमा। जिले के नक्सल प्रभावित सिलगेर पहुंचकर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों का कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जवानों के हर दर्द का नक्सलियों से हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से बढ़ा कर लोगों के लिए सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा के साथ ही बुनियादी सुविधाओं का विकास करना है। विकास में बाधक नक्सलियों को छोड़ा नहीं जाएगा और उनका जल्द ही समूल सफाया कर दिया जाएगा।
गृहमंत्री शर्मा शनिवार को सिलगेर स्थित सुरक्षा बल के कैंप में डीजीपी अशोक जुनेजा व सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहुंचे थे। गृहमंत्री ने सुरक्षा बल के कैंप में जवानों से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाया। सुरक्षा बल के अधिकारियों को शासन की योजनाओं को भी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए कहा। वे यहां स्थित अस्थायी अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। गांव पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्र व शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन किया। सुकमा एसपी किरण चव्हाण व सरपंच कोरसा सरनू से भी उन्होंने बात की।
बस्तर प्रवास पर नक्सलियों के मांद सिलगेर पहुंचे गृहमंत्री विजय शर्मा का सिलगेर के ग्रामीणों एवं बच्चों ने स्वागत किया। बच्चों ने गृहमंत्री के लिये स्वागत गीत भी गाये, गृहमंत्री ने भी बच्चों संग गाना गाया। गृहमंत्री ने स्कूली बच्चों से बारी-बारी से बात की और उनका परिचय पूछा। बच्चों से बातचीत करते हुए गृहमंत्री ने कहा, आप सभी हमारे देश के और बस्तर के भविष्य हैं। उन्होने कहा कि बस्तर के बच्चे भी डॉक्टर और कलेक्टर बनना चाहते हैं। हम चाहते है कि बच्चे पढ़ लिख कर ऊंचे पदों पर पहुचें जिससे बस्तर में नक्सलवाद खत्म होगा।

