नई दिल्ली। वेलिंगटन टेस्ट में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 45 ओवर के खेल में 119 रन बना लिए हैं। कीवी टीम अभी भी 233 रनों से पिछड़ रही है। फिलहाल डेवोन कॉनवे टीम इंडिया की जीत की राह में रोड़ा बने हुए हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 720 रनों पर घोषित की थी।
चौथे दिन टीम इंडिया ने दूसरे सेशन के दौरान अपनी पारी 720/9 के स्कोर पर घोषित कर दी थी। यह भारत का रेड बॉल क्रिकेट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बलबूते भारत को पहली पारी में 352 रनों की विशाल बढ़त मिली। इसके जवाब में स्टंप्स तक न्यूजीलैंड टॉम लाथम और हेनरी निकल्स का विकेट गंवा चुका है। डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र के बीच तीसरे विकेट के लिए 59 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है।
भारत जीत से 8 विकेट दूर
टीम इंडिया को पहली पारी में 352 रनों की बढ़त मिली थी। चौथे दिन की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड अभी 233 रनों से पीछे है। अगर भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड को यह 233 रन बनाने से रोक लेते हैं तो उसे पारी के अंतर से ऐतिहासिक जीत मिल जाएगी। अगर न्यूजीलैंड इस स्कोर को पार करने में सफल रहा तो मुकाबला ड्रॉ की तरफ जा सकता है या फिर टीम इंडिया को छोटा सा टारगेट भी मिल सकता है।
ऋषभ पंत ने रचा इतिहास
भारतीय पारी में ऋषभ पंत ने 128 रनों का योगदान दिया था। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 9वां शतक है। मगर शतक के बजाय उन्होंने छक्कों का महारिकॉर्ड बना डाला है। दरअसल इस शतकीय पारी के दौरान पंत ने 6 छक्के लगाए। पंत अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उनके नाम 108 छक्के हैं। उनसे ऊपर सिर्फ बेन स्टोक्स (138 छक्के) हैं।
90 ओवर सर्वाइव करने होंगे
जहां तक न्यूजीलैंड की बात है, उसे अंतिम दिन 90 ओवर सर्वाइव करने होंगे। वह अब भी 233 रनों से पीछे है। अगर भारतीय गेंदबाज कीवी बल्लेबाजों को 233 रन बनाने से रोक लेते हैं तो भारत को पारी के अंतर से बड़ी जीत मिल जाएगी। बताते चलें कि मुकाबला ड्रॉ रहने पर भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में तगड़ा नुकसान झेलना पड़ेगा।


