खबर वर्ल्ड न्यूज़ – व्यास पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब में मंगलवार को पीएम आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के बीच तीखी बहस हुई। दोनों नेताओं ने अपने-अपने दावों के समर्थन में आंकड़े रखे और एक-दूसरे के बयानों पर सवाल उठाए।
विजय शर्मा ने साय सरकार के कार्यकाल में 11 लाख 75 हजार पीएम आवासों के निर्माण का दावा किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सबसे अधिक पीएम आवास छत्तीसगढ़ में बनाए गए। सरकार की ओर से आवास निर्माण पर करीब 16 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने तथा 3 लाख 65 हजार नए आवासों की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी गई।
वहीं भूपेश बघेल ने सरकार के आवास संबंधी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वास्तविक स्थिति जनता के सामने स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पीएम आवास का पोर्टल बंद होने का दावा किया और कहा कि इसके कारण आवास निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हुई थी।
पोर्टल बंद होने के मुद्दे पर भिड़े दोनों नेता
विजय शर्मा ने बघेल के इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि पीएम आवास का पोर्टल बंद नहीं था। उन्होंने कहा कि स्वीकृति, स्वीकार्यता और निर्माण अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं और इन तीनों को मिलाकर आंकड़े पेश नहीं किए जाने चाहिए।
बहस के दौरान विजय शर्मा ने भूपेश बघेल पर गलत आंकड़े प्रस्तुत करने का आरोप लगाया। वहीं बघेल ने सरकार पर आंकड़ों को लेकर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाते हुए “झूठ परोसना बंद कीजिए” कहा।
प्रेस क्लब में हुई इस आमने-सामने की बहस में पीएम आवास योजना, पोर्टल, स्वीकृत आवासों और निर्माण के आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए।


