KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा प्रदेशभर के पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट ऑर्गनाइजेशन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को तेलीबांधा स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के वरिष्ठ सदस्यों एवं पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान, पत्रकार सुरक्षा, पत्रकार कल्याण योजनाओं की मांग तथा संगठन के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर संगठन को निष्पक्ष, सक्रिय एवं पत्रकार हितैषी बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में एक सशक्त और संगठित मंच की आवश्यकता है, जो पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सके। संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक एवं आर्थिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेगा।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें व्यास पाठक को अध्यक्ष, योगेश शर्मा को सचिव, आशीष कंठले को कोषाध्यक्ष तथा बसंत कुमार सचदेवा को उपाध्यक्ष ,प्रीतपाल कुर्रे को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। वहीं शंकर , एवं हरीश तिवारी को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार गंगेश द्विवेदी, दिगम्बर तिवारी, सुरेंद्र सोनी , अभिनव सोनी, पीयूष शर्मा सहित संगठन के अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी ने संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूत बनाने, प्रत्येक जिले एवं ब्लॉक तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।
नवनियुक्त अध्यक्ष व्यास पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन किसी भी पत्रकार के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न या अधिकारों के हनन के मामलों में मजबूती के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सचिव योगेश शर्मा ने संगठन को सक्रिय एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने तथा नियमित बैठकों एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया। वहीं कोषाध्यक्ष आशीष कंठले ने संगठन की वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने और सदस्यता अभियान को गति देने की बात कही। उपाध्यक्ष बसंत सचदेव ने पत्रकार हित में कार्य करते हुए संगठन को एक ऊंचे मुकाम तक पहुंचाने की बात कही।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन शीघ्र ही प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान प्रारंभ करेगा। साथ ही पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार कल्याण बोर्ड के गठन, पत्रकारों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा युवा पत्रकारों को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर शासन के समक्ष प्रभावी पहल की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए किया गया।


