KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। पेड़ों के प्राकृतिक स्वरूप को कलात्मक ढंग से छोटे आकार में विकसित करने की कला को वामन वृक्ष कला अथवा बोनसाई कला कहा जाता है। यह केवल बागवानी नहीं, बल्कि प्रकृति, सौंदर्य और धैर्य का अद्भुत संगम है। बोनसाई शब्द जापानी भाषा के दो शब्दों “बोन” और “साई” से मिलकर बना है, जिनका अर्थ क्रमशः उथला पात्र और वृक्ष होता है। अर्थात् उथले गमले में वृक्ष को विशेष तकनीकों के माध्यम से विकसित करना ही बोनसाई कला है।

विशेषज्ञों के अनुसार प्राचीन भारत में इस कला को “वामन तनु वृक्षादि विद्या” के नाम से जाना जाता था। माना जाता है कि बौद्ध भिक्षुओं के माध्यम से यह परंपरा चीन और जापान पहुंची तथा वहां विकसित होकर विश्वभर में लोकप्रिय हुई। इतिहासकारों के अनुसार बोनसाई की जड़ें चीन की प्राचीन “पेनजिंग” कला में मिलती हैं, जिसे बाद में जापान ने अपनी विशिष्ट शैली के साथ नई पहचान दी।
आज बोनसाई कला को दुनिया भर में शान, सौंदर्य और ऐश्वर्य का प्रतीक माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें वृक्षों को प्राकृतिक गुणों और आकर्षण को बनाए रखते हुए विशेष तकनीकों से छोटा आकार दिया जाता है। इस प्रक्रिया में जड़ों और शाखाओं की नियमित छंटाई, तारों के माध्यम से शाखाओं को दिशा देना तथा सीमित स्थान में वृक्ष के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना शामिल होता है।
कला विशेषज्ञ बताते हैं कि बोनसाई एक ऐसी जीवंत कला है जो कभी पूर्ण नहीं होती। चित्रकार का चित्र या शिल्पकार की मूर्ति एक बार बनकर पूर्ण हो जाती है, लेकिन बोनसाई निरंतर बढ़ता, बदलता और विकसित होता रहता है। यही कारण है कि इसे “जीवंत शिल्प कला” भी कहा जाता है।
बोनसाई की प्रमुख शैलियां
बोनसाई कला में वृक्षों को विभिन्न प्राकृतिक स्वरूपों के आधार पर आकार दिया जाता है। इनमें मुख्य रूप से सीधा खड़ा (Formal Upright), अनौपचारिक सीधा (Informal Upright), झुका हुआ (Slanting), झरना शैली (Cascade), अर्ध-झरना (Semi-Cascade), वन शैली (Forest Style), साहित्यिक शैली (Literati) तथा चट्टान पर उगने वाली शैली (Root-over-Rock) प्रमुख हैं। इन शैलियों के माध्यम से प्रकृति में दिखाई देने वाले वृक्षों के विविध रूपों को छोटे आकार में प्रस्तुत किया जाता है।
बढ़ती शहरीकरण की संस्कृति के बीच बोनसाई कला लोगों को सीमित स्थान में भी प्रकृति से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रही है। यही कारण है कि आज घरों, कार्यालयों और उद्यानों में बोनसाई वृक्षों की मांग लगातार बढ़ रही है और यह कला विश्वभर में लोकप्रियता हासिल कर रही है।


