KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के पॉश इलाके देवेंद्र नगर से साइबर ठगी का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शेयर बाजार और प्रीमियम आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने के लालच में एक ब्रोकिंग फर्म संचालक खुद ही साइबर ठगों के जाल में फंस गया। शातिर ठगों ने निवेश पर दोगुना-तिगुना रिटर्न का झांसा देकर कारोबारी और उसके परिचितों से कुल 84 लाख 63 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवेंद्र नगर सेक्टर-1 निवासी अविनाश लोखंडे शेयर बाजार से जुड़ी एक ब्रोकिंग फर्म का संचालन करते हैं। जून 2025 में उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए कुछ अज्ञात लोगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए शेयर ट्रेडिंग और प्रीमियम आईपीओ में निवेश पर कम समय में भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया।
ठगों ने अविनाश का एक कथित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म एप्लीकेशन पर खाता खुलवाया और शुरुआत में छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया। कुछ समय तक सामान्य ट्रेडिंग कराने के बाद आरोपियों ने उन्हें कम कीमत पर प्रीमियम आईपीओ उपलब्ध कराने का लालच दिया।
आरोपियों की बातों में आकर अविनाश ने स्वयं निवेश करने के साथ-साथ अपने चार परिचितों को भी इस योजना में शामिल कर लिया। इनमें अमित अग्रवाल, अशोक वर्मा, सौरभ अग्रवाल और श्याम सुंदर अग्रवाल शामिल हैं। सभी ने कथित प्रीमियम आईपीओ खरीदने के लिए बड़ी रकम निवेश की।
आरोपियों के निर्देशानुसार अलग-अलग संस्थाओं और फर्जी फर्मों के बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 84 लाख 63 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। रकम जमा होने के बाद भी निवेशकों को कोई आईपीओ आवंटित नहीं हुआ। जब उन्होंने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
कुछ दिनों बाद आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर बंद हो गए। वहीं जिस एप्लीकेशन के माध्यम से निवेश और मुनाफे का ग्राफ दिखाया जा रहा था, वह भी अचानक बंद हो गई। इसके बाद पीड़ितों को एहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं।
पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर ऑनलाइन निवेश न करें और निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म एवं कंपनी की वैधता की पूरी जांच अवश्य कर लें।


