KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर हो रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का अचानक दो दिवसीय दिल्ली दौरा सियासी गलियारों में कई नए संकेत दे रहा है। हालांकि सरकार की ओर से इसे विकास योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़ा दौरा बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे बड़े संगठनात्मक और प्रशासनिक बदलावों की तैयारी माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री साय दिल्ली में बीजेपी आलाकमान के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक उनकी अहम बैठक केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के साथ भी हो सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरान छत्तीसगढ़ के लंबित केंद्रीय प्रोजेक्ट्स, विकास कार्यों और राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो दिल्ली में होने वाली इन बैठकों में मंत्रिमंडल की खाली सीटों को भरने, कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल और संगठन में नई जिम्मेदारियों को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। प्रदेश के कई विधायक लंबे समय से मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ऐसे में यह दौरा कई नेताओं की राजनीतिक दिशा तय कर सकता है।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से कहा कि उनका यह दौरा पूरी तरह विकास केंद्रित है और वे केंद्रीय योजनाओं, लंबित परियोजनाओं तथा समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विकास के साथ-साथ यह दौरा आगामी राजनीतिक रणनीति और बीजेपी की नई टीम तैयार करने की कवायद का भी हिस्सा है।
अब सबकी निगाहें दिल्ली में होने वाली बैठकों और उसके बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में आने वाले संभावित बदलावों पर टिकी हुई हैं।


