KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रायपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने एडवाइजरी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी स्त्री, पुरुष, बच्चे, युवा या बुजुर्ग की इच्छा के विरुद्ध रंग या पानी डालना दंडनीय अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुखौटों की बिक्री पर प्रतिबंध
पुलिस ने होली के दौरान असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए मुखौटों की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन का मानना है कि मुखौटे पहनकर हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका रहती है।
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
होली के मद्देनजर शहर के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
105 बाइक पेट्रोलिंग दल तैनात किए गए हैं।
73 थाना पेट्रोलिंग वाहन अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करेंगे।
15 एंटी-हुड़दंग पार्टी विशेष रूप से असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी।
40 फिक्स चेकिंग प्वाइंट पर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
तीन सवारी चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से गाड़ी दौड़ाने या स्टंट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च और अपील
इस बीच पुलिस ने राजधानी में फ्लैग मार्च कर आम नागरिकों से होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
होली के मद्देनजर ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी सघन निगरानी रखी गई। असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 22 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इन कार्रवाइयों में खरोरा थाना, आरंग थाना, माना कैंप थाना और राखी थाना क्षेत्र शामिल रहे। आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर अथवा न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें, ताकि होली का त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाया जा सके।


