*कथित पत्रकारों पर लूट, धमकी और छवि धूमिल करने का गंभीर आरोप…!*
*अधिवक्ता अंशुल साम्परिया ने गांधीनगर थाने में दी लिखित शिकायत, एफआईआर की मांग*
*सच पूछने की सजा! धान मंडी में अनियमितता उजागर करने पर लूट और धमकी*
खबर वर्ल्ड न्यूज – सरगुजा। जशपुर जिले में कथित पत्रकारों द्वारा मारपीट की धमकी, जबरन रकम लूटने, रसीद बुक फाड़ने और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर छवि खराब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में अंबिकापुर निवासी अधिवक्ता एवं खबर वर्ल्ड न्यूज सर्विसेस के सरगुजा संभाग प्रभारी अंशुल साम्परिया ने गांधीनगर थाना, अंबिकापुर में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि 30 दिसंबर 2025 को वे जशपुर जिले में 26 जनवरी के प्रकाशन हेतु विज्ञापन संकलन के लिए अपने सहयोगी व जशपुर जिले के ब्यूरो चीफ शक्ति सिंह के साथ विभिन्न धान मंडियों का दौरा कर रहे थे। पंडरापाठ, सन्ना, सोनक्यारी, मनौरा और आस्ता मंडियों में विज्ञापन संकलन के बाद जब वे खमरिया धान मंडी पहुंचे, तो जांच के दौरान शासन द्वारा निर्धारित 40 किलो 700 ग्राम के स्थान पर 41 किलो 100 ग्राम धान तौले जाने की जानकारी सामने आई।

शिकायत के अनुसार, इस पर सवाल पूछने पर मंडी प्रबंधन ने कथित तौर पर बाहर से लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में एजाज खान अपने 15–16 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और स्वयं को पत्रकार बताते हुए विवाद करने लगा। आरोप है कि उन्होंने मारने की धमकी देकर विभिन्न समितियों से प्राप्त अग्रिम विज्ञापन राशि जबरन छीन ली, रसीद बुक फाड़ दी और मोबाइल से संकलित वीडियो-फोटो डिलीट कर दिए।
इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने दबाव बनाकर एक माफीनामा वीडियो भी बनवाया और घटना की सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जशपुर से निकलते समय कुछ लोगों द्वारा पीछा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में एजाज खान द्वारा भ्रामक तथ्यों के साथ वीडियो वायरल कर उनकी सामाजिक और पेशेवर छवि धूमिल की गई, जिससे उन्हें मानसिक आघात पहुंचा।



अधिवक्ता अंशुल साम्परिया ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि एजाज खान के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामला चल चुका है, जिससे वे भयभीत रहे। अब लगातार वीडियो वायरल कर बदनाम किए जाने के कारण उन्होंने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।


