खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर l कबीरधाम जिले में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जिले की सभी 7 नगरीय निकायों में भाजपा ने शानदार विजय प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यह जीत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन, संगठन की सशक्त रणनीति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। नगरपालिका कवर्धा में भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने जीत हासिल की, जबकि नगरपालिका पंडरिया में भाजपा की मंजूला कुर्रे विजयी रहीं। नगर पंचायत पांडातराई में भाजपा की सरिता सोनी ने जीत दर्ज की। वहीं, बोड़ला, लोहारा, पिपरिया और इंदौरी नगर पंचायतों में भी भाजपा प्रत्याशियों ने नगर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। भाजपा की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है।
इस जीत को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह विजय जनता के विश्वास और भाजपा सरकार की सुशासन नीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश नेतृत्व के कुशल प्रबंधन ने प्रदेश में विकास और पारदर्शी शासन को प्राथमिकता दी है, जिसका परिणाम यह ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे प्रत्याशियों ने सुशासन और विकास के संकल्प के साथ चुनाव लड़ा था और जनता ने उसी संकल्प पर मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। भाजपा सरकार ने पारदर्शी प्रशासन और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को क्रियान्वित किया, जिससे जनता का भाजपा पर भरोसा और मजबूत हुआ।
इस विजय के साथ कबीरधाम जिले में भाजपा का वर्चस्व स्थापित हो गया है और पूरा क्षेत्र भगवामय हो गया है। भाजपा की स्पष्ट नीति, संगठन की एकजुटता और आम जनता से निरंतर संवाद ने इस जीत को ऐतिहासिक बना दिया है।

