खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के फ्लैट आवंटन में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। कमल विहार सेक्टर-1 में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला से फ्लैट के नाम पर लाखों रुपये जमा कराने के बावजूद आवंटित फ्लैट कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिए जाने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद RDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी अनीता श्रीवास्तव ने कमल विहार सेक्टर-1 में 2 बीएचके EWS फ्लैट के लिए आवेदन किया था। उन्होंने पहले पंजीयन शुल्क के रूप में 20 हजार रुपये जमा किए। इसके बाद 28 मई 2025 को फ्लैट की राशि के रूप में 4 लाख 61 हजार रुपये RDA के खाते में जमा कराए, जिसकी विधिवत रसीद भी उन्हें दी गई।
कुछ समय बाद जब अनीता श्रीवास्तव फ्लैट की रजिस्ट्री की जानकारी लेने RDA कार्यालय पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि जिस फ्लैट के लिए उन्होंने राशि जमा की थी, वह किसी अन्य व्यक्ति के नाम आवंटित हो चुका है। इस जानकारी से परिवार स्तब्ध रह गया।
मामले में अनीता के बेटे गौरव श्रीवास्तव ने RDA के सीईओ अवनीश शरण को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उनकी मां की उम्र और बीमारी का फायदा उठाकर धोखाधड़ी की गई। उन्होंने बताया कि फ्लैट की राशि कर्ज लेकर जमा की गई थी और पूरे मामले में दलालों तथा कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक ही फ्लैट को गुपचुप तरीके से दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया।
RDA के सीईओ अवनीश शरण ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी हितग्राही के साथ इस प्रकार की घटना नहीं होने दी जाएगी।


