खबर वर्ल्ड न्यूज़ – व्यास पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को शुरू हो गई। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक भईया लाल राजवाड़े ने जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक सत्यापन और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव से जवाब मांगा।
आज की कार्यवाही राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम मानी जा रही है। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगी। यदि प्रस्ताव स्वीकार होता है तो आने वाले दिनों में सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिलेगी।
सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से राज्य की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा भी उठाया जाएगा। वहीं जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सरकार को घेरने की तैयारी है।
इसके अलावा भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न जनहित याचिकाएं सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। ऐसे में मानसून सत्र के दूसरे दिन भी सत्ता और विपक्ष के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोरदार बहस और राजनीतिक गर्माहट रहने के आसार हैं।


