खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के मार्गदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जलेश यादव के नेतृत्व में कांग्रेस भवन में महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक एवं समाज सुधारक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने लोकमान्य तिलक के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उनका प्रसिद्ध उद्घोष “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा” आज भी देशवासियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में बताया गया कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक का जन्म 23 जुलाई 1856 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी में हुआ था तथा 1 अगस्त 1920 को उनका निधन हुआ। उन्होंने अपने विचारों, लेखनी और जनजागरण के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष श्री दिलीप बंजारा, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री जलेश यादव, पूर्व पार्षद संजय जायसवाल, नौशाद खान, दादू मल्हा, राजेंद्र यादव, राम तरलेजा, भूपेंद्र देवांगन, राजा मणिक, नामदेव बंजारे, कमल जांगड़े, टीपू खान एवं भुवन यादव सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


