खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला मुंगेली ने पटवारी साथियों की हड़ताल और उनके विरुद्ध की जा रही प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में समर्थन जताया है। प्रांतीय आह्वान पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आगर क्लब खेल मैदान में एकत्रित होकर पटवारियों के आंदोलन के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर संघ के जिला संरक्षक अवधेश शुक्ला ने कहा कि 13 अक्टूबर से शांतिपूर्ण हड़ताल कर रहे पटवारी साथियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय उनके विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस और निलंबन जैसी कार्रवाई की जा रही है। शासन को इस तरह की दमनात्मक कार्रवाई बंद कर कर्मचारियों से संवाद स्थापित करते हुए समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।
जिला अध्यक्ष बिन्दु भास्कर ने शासन की कार्रवाई को कर्मचारी हितों के प्रतिकूल, अलोकतांत्रिक एवं दमनकारी बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण हड़ताल करने का अधिकार है। ऐसे में उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने के बजाय दंडात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं है।
संघ ने पटवारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने और उनके विरुद्ध की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन मुंगेली कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को सौंपा।
इस अवसर पर जिला संरक्षक अवधेश शुक्ला, जिला अध्यक्ष बिन्दु भास्कर, जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, नगरपालिका जिला अध्यक्ष देवेंद्र देवांगन, मुंगेली तहसील अध्यक्ष पीला लाल दिवाकर, लोरमी तहसील अध्यक्ष डी.एल. भास्कर, पथरिया अध्यक्ष बी.डी. बघेल, सचिव अरविंद पांडेय सहित भूपेंद्र घृतलहरे, राजकमल गेंदले, जितेंद्र घृतलहरे, भुवन डिंडोरे, फूलचंद यादव, एच.डी. डहरिया, सुशील जांगड़े, परसोत्तम पांडेय, ज्वाला प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।


