KWNS – महासमुंद। पिथौरा विकासखंड के ग्राम पाटनदादर में एक कोटवार ने गांव के कुछ लोगों पर जातिगत भेदभाव, सामाजिक बहिष्कार और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों से शिकायत करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह परिवार सहित मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह करने को मजबूर होगा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटनदादर निवासी एवं कोटवार भागीरथी चौहान ने पुलिस महानिरीक्षक, महासमुंद पुलिस अधीक्षक, राज्य अनुसूचित जाति आयोग तथा स्थानीय थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
भागीरथी चौहान ने अपनी शिकायत में बताया कि जुलाई 2024 में गांव में आयोजित हरीनाम कीर्तन यज्ञ के दौरान वे भी धार्मिक आयोजन में सहयोग देना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने एक हजार रुपये नकद और पांच किलो चावल देने की इच्छा जताई थी। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनका सहयोग लेने से इनकार कर दिया और उनकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं।
पीड़ित का आरोप है कि उन्हें कहा गया कि वे गांडा जाति से हैं और उनके द्वारा दिए गए धन एवं सामग्री को स्वीकार करने से धर्म भ्रष्ट हो जाएगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए अपनी “औकात में रहने” जैसी बातें कही गईं।
भागीरथी चौहान का कहना है कि जब उन्होंने संविधान और कानून के तहत सभी नागरिकों की समानता की बात कही तथा धार्मिक आयोजन में सहयोग देने का अधिकार जताया, तब भी उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया।
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद गांव के कुछ लोगों ने उनके परिवार और समाज के लोगों का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। आरोप है कि गांव में उनके घर आने-जाने वालों और मजदूरी करने वालों पर भी दबाव बनाया जा रहा है। इससे उनका परिवार मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान है।
पीड़ित ने दावा किया है कि वह पिछले कई महीनों से थाना सांकरा में लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे निराश होकर उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे पत्नी और बच्चों सहित रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह करेंगे।
हालांकि, मामले में आरोपित पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं प्रशासन और पुलिस की ओर से भी शिकायत पर जांच की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई है।
नोट: आत्मदाह की चेतावनी पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों का हिस्सा है। मामले की निष्पक्ष जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।




