KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार शाम आयोजित भाजपा और सरकार की हाई लेवल बैठक ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में हुई इस बैठक में राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य शामिल हुए, वहीं भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने बैठक के महत्व को और बढ़ा दिया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने की। हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर सरकार या पार्टी संगठन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन अचानक बुलाई गई इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सरकार और संगठन के बीच समन्वय, जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा संगठनात्मक मजबूती जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वहीं प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और विभागीय फेरबदल की संभावनाओं को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी तैयारियों और सरकार के प्रदर्शन को लेकर भाजपा नेतृत्व महत्वपूर्ण निर्णय लेने की दिशा में विचार-विमर्श कर सकता है। कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव और संगठन-सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करने जैसे मुद्दे भी चर्चा का केंद्र हो सकते हैं।
हालांकि बैठक से जुड़े किसी भी निर्णय या निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में बैठक समाप्त होने के बाद जारी होने वाली जानकारी का सभी को इंतजार है। मुख्यमंत्री निवास में हुई इस अहम बैठक के बाद प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण और संभावित बदलावों को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब सबकी निगाहें बैठक से निकलने वाले संकेतों और फैसलों पर टिकी हुई हैं, जो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की राजनीतिक दिशा तय कर सकते हैं।


