*110 बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच, उच्च रक्तचाप व मधुमेह सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की हुई पहचान*
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, जिला मुंगेली के तत्वावधान में सतनाम भवन में संभाग स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में 110 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। जांच के दौरान 22 बुजुर्गों में उच्च रक्तचाप, 16 में मधुमेह, 23 में जोड़ों के दर्द, 6 में त्वचा संबंधी समस्याएं तथा 18 बुजुर्गों में शारीरिक निष्क्रियता एवं आलस्य जैसी समस्याएं पाई गईं। अन्य बुजुर्गों की जांच सामान्य रही। सभी को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श निःशुल्क दवा, नियमित जांच एवं उचित देखभाल के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. मनीष बंजारा ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि “उम्र बढ़ना जीवन की सुंदर यात्रा का एक पड़ाव है, बीमारी का पर्याय नहीं।” नियमित हल्का व्यायाम एवं पैदल चलना, ध्यान-प्राणायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर बुजुर्ग स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, आशीर्वाद और जीवन से प्राप्त संस्कार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। बुजुर्गों की स्वास्थ्य देखभाल केवल चिकित्सकीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सम्मेलन में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश देखने को मिला। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ने सम्मेलन को सेवा, संवेदना और सम्मान से जोड़ते हुए एक सार्थक एवं मानवीय पहल का रूप दिया।


