खबर वर्ल्ड न्यूज़ – बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। जिले में अब तक 7 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज फिलहाल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है।
अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग दोनों मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। भर्ती मरीजों में सबसे अधिक निगरानी 75 वर्षीय महिला की की जा रही है। उपचार के दौरान उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें ICU में रखा गया था। हालांकि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद अब उन्हें ICU से बाहर लाया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। उम्र अधिक होने के कारण चिकित्सकीय टीम उनकी सेहत को लेकर विशेष सावधानी बरत रही है।
वहीं दूसरे मरीज की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री में रायपुर का उल्लेख सामने आया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग संभावित संक्रमण के स्रोत और मरीज के संपर्क में आए लोगों से संबंधित जानकारी जुटाने तथा निगरानी करने में लगा है।
स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की कड़ी का पता लगाने के साथ-साथ स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। फिलहाल जिले में सामने आए मामलों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण नजर आने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।


