खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। मुंगेली जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई चाकूबाजी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बारात में हुई इस हत्या की गुत्थी को मुंगेली पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझाते हुए 4 मुख्य आरोपियों को जेल भेजा है, वहीं एक नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
घटना का विवरण:
दिनांक 03 अप्रैल 2025 की शाम को डाड़गांव निवासी प्रार्थी घनश्याम साहू अपने परिजनों के साथ मुंगेली के रावणभाठा में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे। इसी बारात में उनका 17 वर्षीय भतीजा टिकेन्द्र साहू अपने दोस्तों धमेन्द्र साहू, संजू साहू और मनोज साहू के साथ डांस कर रहा था।
रात्रि लगभग 11:30 बजे डीजे पर डांस के दौरान कुछ युवकों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। टिकेन्द्र साहू जब बीच-बचाव के लिए आगे आया, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अज्ञात युवक ने उसके पेट में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल टिकेन्द्र को तुरंत जिला चिकित्सालय मुंगेली लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 04 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
घटना की जानकारी मिलते ही मुंगेली एसपी श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मंयक तिवारी के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली की एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल के गवाहों और परिजनों के बयान के आधार पर सुराग जुटाए और मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पांचों आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी:
| क्रमांक | नाम | उम्र | पता |
|---|---|---|---|
| 1 | करन साहू | 27 वर्ष | डाड़गांव, थाना पथरिया, मुंगेली |
| 2 | राहुल सोनकर | 21 वर्ष | शिवाजी वार्ड, सांचीपुरम, मुंगेली |
| 3 | शुभम साहू | 26 वर्ष | ठक्कर बाबा वार्ड, मुंगेली |
| 4 | नरोत्तम भास्कर | 22 वर्ष | लिलवाकापा, मुंगेली |
| 5 | विधि से संघर्षरत बालक | – | – |
सबूत और धाराएं:
पुलिस पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने अपराध स्वीकारते हुए चाकू की जानकारी दी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने मिलकर टिकेन्द्र और उसके दोस्त पर हमला किया था।
इस आधार पर आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 103(1), 238, 191(2) लगाई गई हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक जी.एस. यादव, सहायक उप निरीक्षक मुधकर रात्रे, प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, आरक्षक चन्द्र कुमार ध्रुव, भुवन चतुर्वेदी, टेकसिंह साहू, योगेश यादव, अजय चन्द्राकर, राहुल ठाकुर, रवि श्रीवास, रवि डाहिरे एवं मनोज टण्डन की सक्रिय भूमिका रही।

