मां दंतेश्वरी मुझे इतना कौशल, सामर्थ्य, इतनी शक्ति दें कि वामपंथ पर जाने वाली पीढ़ी को मैं रामपथ पर ला सकूं
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-दंतेवाड़ा। जिला मुख्यालय में बस्तर पंडुम 2025 महोत्सव के आयाेजन में प्रख्यात कवि एवं श्रीराम कथा वाचक डाॅ. कुमार विश्वास के द्वारा ’’बस्तर के राम’’ पर आधारित कार्यक्रम गुरूवार की रात्री 8 बजे शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने अंदाज में श्रीराम कथा सुनाते हुए विभिन्न प्रसंग बताए और उनके महत्व के साथ ही वर्तमान परिदृश्य में उन्हें किस तरह अमल में लाया जा सकता है, इस पर भी अपनी बात रखी। डाॅ. कुमार विश्वास ने कहा कि दंतेवाड़ा आने के बाद मैं मां दंतेश्वरी के मंदिर जाकर मां के चरणों में लेटा। लेकिन मैंने अपने लिए उनसे कुछ नहीं मांगा। मेरे मुख से कुछ निकला ही नहीं। लेकिन अब इस परिसर से मैं यही मुराद मांगता हूं कि मुझे इतना कौशल, सामर्थ्य, इतनी शक्ति दें कि वामपंथ पर जाने वाली पीढ़ी को मैं रामपथ पर ला सकूं। उन्हाेने कहा कि श्रीराम के नाम पर इस देश में राजनीति हो गई है, 30 साल मुकदमा चला। जिन्होंने श्रीराम काे काल्पनिक माना, वही काल्पनिक हो गए। डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि हमें कैकई माता का भी आभारी होना चाहिए कि उनके कारण भगवान राम के चरण इस दंडकारण्य में पड़े। कई बार शाप वरदान बन जाता है, कैकई का हठ दंडकारण्य और जन सामान्य के लिए वरदान बन गया। श्रीराम ने दंडकारण्य बस्तर आकर एक काम और किया। वनवासी और नगरीय सभ्यता का भेद खत्म कर दिया। यहां बस्तर आकर उन्होंने भील, कोल, किरात को गले लगाया। अगर चित्रकूट से राम लौट जाते तो हमें मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं मिलते। श्रीराम को जगतपति और मर्यादा पुरुषोत्तम इसी बस्तर दंडकारण्य की मिट्टी ने बनाया। उन्हाेने कहा कि जिस राम ने माता कौशल्या के बाद अपनी मां के रूप में देखा, वह इसी बस्तर से शबरी मां थी। बस्तर के किसी जंगल से गुजरो, तो किसी भी बेर के पेड़ को देखकर वट वृक्ष की तरह नमन करो, इसी ने श्रीराम को तृप्त किया।
डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि दंडकारण्य यानी बस्तर के कण-कण में राम विराजे हैं। इंजरम यानी इंजे राम वत्तोर यानि राम यहां आए। रामेश्वरम के साथ ही इंजरम में भी भगवान राम ने शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की है। उन्हाेने कहा कि बस्तर आना मेरा सौभाग्य है, भगवान राम के कदम इस क्षेत्र में पड़े थे, इसीलिए यहां नंगे पांव चलने पर भी कांटे नहीं चुभते। दंतेवाड़ा जिले के ढोलकल में विराजे गणेश जी की कथा भी अद्भुत है। गीदम नाम गिद्धराज जटायु के आधार पर हुआ, पुराने समय मे यहां गिद्ध बड़ी संख्या में पाए जाते थे। वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए डॉ कुमार विश्वास ने कहा कि आजकल नेता पदयात्रा करते हैं। जिसका पद छिनता है, वह पदयात्रा करता है। लेकिन श्रीरामचन्द्र जी ने पद देने पदयात्रा की। सुग्रीव हो या विभीषण, दोनों को राम ने पद दिलाया। आजकल गठबंधन ज्यादा क्षमता वाले से होता है, लेकिन राम वंचित और कमजोर पक्ष से गठबंधन करते थे। उन्हें संबल देकर न्याय दिलाते थे। राम लोक नेता हैं। राम को निष्कासित राजनीति ने किया। लेकिन रामजी को स्थापित लोकनीति ने किया। आजकल बजट सत्ता पक्ष के लिए बढ़िया और विपक्ष के लिए घटिया होता है। संवैधानिक व्यवस्था राम की बनाई हुई है। वे चाहते तो वनवास के लिए 2 किमी दूर कुटिया बना लेते। लेकिन राम जी ने लोक नीति पर चलकर लोगों के संकट हरने का संकल्प लिया। पक्ष-विपक्ष को साथ लेकर चलने की नीति के कारण भगवान राम ही संसदीय प्रणाली के जनक माने जा सकते हैं।
डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि आगरा का ताज महल प्रेम का प्रतीक नहीं है, विदेशों से आने वाले लोगों को कब्र दिखाने न ले जाएं। शाहजहां की न जाने कितनी बेगम थी, कौन से नंबर की बेगम में लिए उन्होंने ताज महल बनवाया? उन्होंने जिस बेगम के लिए ताज महल बनवाया था शाहजहां उसके दूसरे पति थे। पहले पति को युद्ध में मरवा दिया गया या मारा गया। प्रेम का प्रतीक तो दशरथ मांझी का हथौड़ा है। यदि प्रेम की कहानी सुनानी है तो दशरथ मांझी की सुनाएं। जिन्होंने अपनी पत्नी की याद में पहाड़ को चीर कर मार्ग बना दिया। दस दौरान कुमार विश्वास पाश्चात्य संस्कृति पर उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता ने हमारे दिमाग में एक गंदगी भर दी है वो है सिविलाइजेशन। यानी तुम जो करते हो वो सिविल और दूसरा कोई करता है तो वो अन-सिविल है। उन्होंने कहा कि जीन्स-टीशर्ट नहीं धोती-कुर्ता हमारी संस्कृति है। माथे में बिंदी का श्रृंगार करती महिला अपनी बस्तर की संस्कृति को दर्शाती है।
इधर कार्यक्रम से ठीक पहले मौसम ने अचानक करवट बदली और कार्यक्रम अपने तय समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ। जब तक डॉ. विश्वास मंच पर नहीं पहुंचे थे, तब तक श्रोताओं के बीच समां बांधे रखने इससे पहले उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से वीररस की कवयित्री कविता तिवारी ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। वहीं गायक प्रियांश ने श्रीराम को समर्पित भजनों की प्रस्तुति दी। खराब मौसम और बारिश के चलते डॉ. विश्वास मंच पर पहुंच ही नहीं पाए, बाद में करीब 8 बजे वे मंच पर पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोग डॉ. कुमार विश्वास के कार्यक्रम बस्तर के राम सुनने उमड़े। लगभग 2 घंटे तक उन्होंने बस्तर के श्रीराम का काव्य पाठ किया।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा समेत वन मंत्री केदार कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा भी मौजूद रहे। इसके अलावा बस्तरआईजी सुंदरराज पी. सहित दंतेवाड़ा एसपी गााैरव राॅय, सीआरपीएफ के अधिकारी और पड़ोसी जिलों के भी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
Trending
- भाजपा ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित: छत्तीसगढ़ के विधायक ललित चंद्राकर बने राष्ट्रीय महामंत्री
- किराना दुकान से आत्मनिर्भर बनीं पूनम देवी
- चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, फसल क्षति का सर्वे करने खेतों तक पहुंचा प्रशासन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों को गरीबी से मिली मुक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- धान खरीदी 2026-27: किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर शासन का फोकस, रकबा सुधार और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं में तेज़ी
- दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री साय: बोले- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से छत्तीसगढ़ की लोक कला को मिल रही वैश्विक पहचान
- उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
- चिल्फी अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई: बिहार के कैमूर से लाया जा रहा 301 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

