हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता, केवल शांति व विकास ही बदलाव ला सकता है- गृहमंत्री अमित शाह
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के गोगुंडा की पहाड़ी पर जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 17 नक्सलियों को ढेर कर दिया है, जिनके शव भी बरामद हो कर लिया गया है। वहीं मुठभेड़ में दो जवान घायल हाे गये हैं । इस मुठभेड़ में डीव्हीसीएम कैडर के 25 लाख का इनामी जगदीश उर्फ़ बुधरा मारा गया है। जगदीश उर्फ़ बुधरा दरभा डिवीजन का इंचार्ज था और झीरम हत्याकांड में सम्मिलित था। वह वर्ष 2023 में जिला सुकमा के अरणपुर में डीआरजी के जवानों की हत्या की वारदात में भी शामिल था। मुठभेड़ में मारे गये अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मारे गये 17 नक्सलियों के शव के साथ एके 47,एसएलआर, इंसास रायफल, .303 रायफल, रॉकेट लांचर, बीजीएल लांचर सहित विस्फोटक व अन्य नक्सल सामग्री बरामद हुआ है l
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि 17 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ में हमारे 2 जवान भी घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुकमा मुठभेड़ में अब तक कुल 17 नक्सलियों के शव बरामद हो गए हैं। उन्हाेने बताया कि नक्सल कमांडर जगदीश भी मारा गया है, मारे गए 17 नक्सलियों के शव सुकमा लाये जा रहे हैं।
सुकमा मुठभेड पर केंद्रिय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा कि नक्सलवाद पर एक और स्ट्राइक, हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया है और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं। हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता; केवल शांति और विकास ही बदलाव ला सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सल मुठभेड़ में 16 नक्सलियों के शव मिले है। सुरक्षा बल के जवानों का धन्यवाद करता हूं, उनके साहस को नमन करता हूं, नक्सलवाद के ख़िलाफ़ मज़बूती के साथ हमारे जवान लड़ रहे हैं। हमारे देश के गृहमंत्री अमित शाह आने वाले मार्च 2026 तक नक्सलवाद को ख़त्म करना चाहते है। डबल इंजन की सरकार में मज़बूती के साथ नक्सलवाद के ख़िलाफ़ लड़ रही है। हमे पूरा विश्वस है उनका संकल्प अवश्य पूरा होगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जवानों के भुजाओं की ताकत पर सफलता मिली है। मुठभेड़ में 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। हमारे दो जवान घायल हुए हैं पर वे खतरे से वे बाहर हैं। उन्हाेने बताया कि 85 दिन में 133 नक्सली मारे गए हैं, 2700 से 2800 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सरकार की अपील है जो हिंसा में लगे हैं, आत्मसमर्पण करे, सुखमय जीवन के व्यवस्थित करने तक सरकार उनका सहयाेग करने के लिए तैयार है। गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प बड़ा है, मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म होगा।

