छग. के बजट में बस्तर संभाग के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन व रोजगार के प्रवधान
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में आज राज्य का 1 लाख 65 हजार 100 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। जिसमें बस्तर संभाग के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटक और रोजगार से लेकर कानून व्यवस्था के लिए विभिन्न प्रवधान किये गये हैं। बस्तर में नक्सलियों का खात्मा करने बस्तर फाइटर्स के 3200 पदों पर सीधी भर्ती में बस्तर संभाग के सातों जिलों के स्थानीय युवाओं की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इन नक्सल प्रभावित जिले में स्थानिय युवाओं काे नर्सिंग की पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। वहीं बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना की जाएगी, इसका फायदा बस्तर संभाग के सातों जिलों के लोगों को मिलेगा। इसके साथ ही, बस्तर में साइंस पार्क और मोबाइल साइंस लैब की भी स्थापना की जाएगी। इसके लिए लगभग 3 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है।
बस्तर पर्यटन का हब है, हाल ही में धुड़मारास गांव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान मिली है। जिसको देखते हुए बस्तर को पर्यटन के रूप में डेवलप किया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में होमस्टे की स्थापना की जाएगी। इसके लिए लगभग 5 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। बीजापुर जिला अस्पताल को 100 बेड से बढ़ाकर अब 200 बेड किया जाएगा। सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित इलाके भेज्जी में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाएगी। जिससे उस इलाके के आदिवासियों को अपने ही गांव में बेहतर इलाज मिल पाएगा। बस्तर में ड्रग्स से निपटने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। वहीं, सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित इलाके एलमागुंडा और डब्बाकोंटा में नया पुलिस थाना खोला जाएगा। ओपी चौधरी ने कहा कि बस्तर की संस्कृति और परंपरा अनोखी है। जो वर्षों से चली आ रही है। यहां मेला-मड़ई के लिए 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

