खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र की एक महिला को मंत्रालय में अपनी बड़ी पहचान बताते हुए मंत्रालय में लीगल अस्सिटेंट के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 7 लाख 29 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी नवीन चावला निवासी धमतरी को बोधघाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबुल करते हुए पीड़ित महिला से अलग-अलग दिनों में 07 लाख 29 हजार रुपये ठगी करने की बात स्वीकार कर लिया, हालांकि आरोपी ने 07 लाख 29 हजार में से 04 लाख रुपये खर्च कर दिए, वहीं उसके खाते में रखे 03 लाख रुपये को सीज कर दिया गया है। फिलहाल आरोपी नवीन चावला को गिरफ्तार कर रिमांड में लेने के बाद जेल दाखिल कर दिया है।
बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि बीते 07 मई को शांति नगर निवासी पीड़ित महिला ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि धमतरी निवासी नवीन चावला अपने आप को रायपुर मंत्रालय में अपनी वाहन को किराए में देना और मंत्रालय के अधिकारियों से अच्छी जान पहचान होना बताकर महिला को लीगल अस्सिटेंट के पद पर नौकरी दिलाने का लालच देकर अलग-अलग दिनों में कुल 07 लाख 29 हजार रुपये की ठगी कर ली। कई दिनों तक महिला नौकरी के लिए आरोपी युवक नवीन चावला को कहती रही, लेकिन आरोपी पीड़ित महिला को लगातार गुमराह करता रहा, जिसके बाद पीड़ित महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर एक टीम बनाकर आरोपी की जांच के लिए कई बार आरोपी के घर दबिश दी गई, लेकिन भनक लगने के बाद आरोपी फरार चल रहा था, लेकिन आखिरकार टीम ने आरोपी को नया रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।

