सीयू एवं चीनी वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों के मध्य द्विपक्षीय वार्ता
खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सभागार में दिनांक 16 अगस्त, 2024 को मध्याह्न 12 बजे माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल की अध्यक्षता में कोलकाता स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने भाषा एवं अकादमिक संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि संबंधों का मूल आधार संवाद होता है तथा संवाद की वाहक भाषा होती है। भाषा न केवल दो देशों को जोड़ती है, बल्कि उनकी कला एवं संस्कृति को साझा करने में अहम योगदान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि भाषा के बगैर संस्कार को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तांतरित करने की कल्पना नहीं की जा सकती। किसी देश की अस्मिता की पहचान उसके भाषाई संस्कार से होती है।
कुलपति प्रो. चक्रवाल ने कहा कि प्राचीन समय से ही भारत तथा चीन के मध्य सांस्कृतिक संबंध रहे हैं तथा शिक्षा, संस्कृति तथा दर्शन का एक-दूसरे पर प्रभाव रहा है। आधुनिक समय में भी भाषा विज्ञान के केन्द्र होने से दोनों संस्कृतियों में और प्रगाढ़ता आएगी।
चीनी वाणिज्य दूतावास, कोलकाता के काउंसल जनरल शू वे ने केन्द्रीय विश्वविद्यालय आने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह एतिहासिक दिन है जब हम एक साथ मिलकर भविष्य को गढ़ने के लिए बातचीत कर रहे हैं। देश में चीन का दिल्ली में मुख्य दूतावास एवं कोलकाता तथा मुंबई में वाणिज्य दूतावास हैं। हमें अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करने की आवश्यकता है जिसमें परस्पर अकादमिक सहयोग की अहम भूमिका होगी।
द्विपक्षीय अनुभाग प्रमुख काउंसल चेंग झेंगहोंग ने कहा कि इस वार्ता से भविष्य के लिए रोडमैप तैयार होगा। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए चीन की सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ अकादमिक उन्नयन के लिए मिल सकता है। काउंसल चेंग होंग्जे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आर्थिक एवं औद्योगिक दृष्टिकोण से असीम संभावनाएं हैं। हमें साथ मिलकर इन संभावनाओं को निखारने का काम करना चाहिए।
इससे पूर्व अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्टोल भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. रत्नेश सिंह रहे। अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदिवे ने धन्यावद ज्ञापन तथा संचालन डॉ. प्रिंसी मतलानी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यापीठों के अधिष्ठातागण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारीगण एवं शिक्षणगण उपस्थित रहे।

