खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम थानाबोडी में आकाशीय बिजली गिरने से ग्रामीण युवती तमेश्वरी सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य ग्रामीण गीतेश्वर कुंजाम, नरेश कुंजाम, रमाकांत सिन्हा, यगुवेन्द्र टेमरे घयाल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहरपुर में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार सुबह नरहरपुर क्षेत्र में गरज चकम के साथ हो रही बारिश के दौरान ह्रदय राम के घर के बाड़ी में काम कर रहे गीतेश्वर कुंजाम उम्र 20 वर्ष, नरेश कुंजाम उम्र 26 वर्ष, रमाकांत सिन्हा उम्र 32 वर्ष, यगुवेन्द्र टेमरे उम्र18 वर्ष और ग्रामीण युवती तमेश्वरी सिन्हा उम्र 21 वर्ष बारिश से बचने के लिए पेड़ का सहारा लेकर सभी अपना मोबाइल इस्तेमाल कर रहे थे, इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी आकाशीय बिजली गिरने से मोबाइल फट गया। इस घटना में ग्रामीण युवती तमेश्वरी सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उपरोक्त चार ग्रामीण घायल हो गए।
उल्लेखनिय है कि बरसात के दिनों में आकाशीय बिजली अक्सर जानलेवा साबित होती है। कुछ उपाय ऐसे हैं जिससे आकाशीय बिजली से बचा जा सकता है। राज्य सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा भी लोगों को सतर्क रहने के लिए जारी दिशा निर्देशानुसार खेतों में काम करने वाले, पेड़ों के नीचे पनाह लेने वाले, तालाब में नहाते समय बिजली चमकने पर इसके जद में आने की संभावना अधिक रहती है। इसी तरह जब आप घर के भीतर हों तो बिजली से संचालित उपकरणों से दूर रहें, तार वाले टेलीफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। खिडकियां व दरवाजे बंद कर दें बरामदे और छत से दूर रहें। इसके अलावा ऐसी वस्तुएं जो बिजली के सुचालक हैं, उनसे भी दूर रहना चाहिए। धातु से बने पाइप, नल, फव्वारा, वाश बेसिन आदि के संपर्क से दूर रहना चाहिए। इसी तरह जब आप घर के बाहर भी हैं तो आपको इनसे दूर रहना चाहिए।

