खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले के थाना माकड़ी क्षेत्र अंर्तगत ग्राम कोकोड़ी में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल फरसगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोकोडी गांव में बारिश के साथ आकाशीय बिजली कुशल नेताम के घर के सामने स्थित महुआ के पेड़ पर गिरी। बिजली गिरने से घर के सामने कमरे में बैठे कैलाश नेताम उम्र 18 वर्ष, आसमती नेताम उम्र 42 वर्ष और कृष्णा नेताम उम्र 18 वर्ष इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
घायलों ने बताया कि जब आकाशीय बिजली गिरी, तब वे तीनों घर के सामने कमरे में बैठे हुए थे। महुआ के पेड़ पर बिजली गिरने के बाद वे सभी इसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही कि बिजली गिरने से थोड़ी देर पहले ही वे आंगन से घर के अंदर गए थे, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और आकाशीय बिजली से बचने के उपाय अपनाएं।

