खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार जिले में धान बोनस के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने वर्ष 2014-15 और 2015-16 के ऐसे पात्र किसान, जिनका धान बोनस का भुगतान नहीं हुआ है, उनके लंबित बोनस का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में तहसील कार्यालय मुंगेली में बैठक आयोजित की गई। तहसीलदार शेखर पटेल ने बताया कि तहसील मुंगेली अंतर्गत 820 लंबित प्रकरणों में से 335 प्रकरणों का निराकरण करते हुए बोनस वितरण की राशि की अदायगी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर धान बोनस के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस संदर्भ में उन्होंने किसानों के लंबित बोनस के निराकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज तहसील कार्यालय में यथाशीघ्र जमा कराने कहा है।

