खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। प्रेसवार्ता को संबोधित करते कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल तथा डीआईजी बालाजी राव ने कहा कि वर्ष 2023 में पुलिस को नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलताएं मिली। पुलिस ने अंदरूनी क्षेत्रों थाना बडग़ांव के मेंड्रा तथा थाना दुर्गुकोंदल के हेथले में बीएसएफ कैंप शुरू किया। दोनों जगह बीएसएफ कैम्प खुलने से यहां गश्त बढ़ी तथा नक्सलियों की इस क्षेत्र में गतिविधियां कम हुई। यही नहीं बीते साल पुलिस ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस ने ग्राम गोमे में 02 पुरूष नक्सली जबकि ग्राम बिनागुंडा में एक महिला नक्सली को मारा। यही नहीं पुलिस ने नक्सलियों के कब्जे से कुल 08 हथियार बरामद किए जिसमें एक इंसास रायफल, 01 एके 47 सहित 02 ऑटोमेटिक हथियार हैं। पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गश्त तेज की तथा नक्सल गतिविधियों में लिप्त कुल 45 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
उन्होने बताया कि वर्ष 2023 में पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाते विकास कार्य कराए। इनमें तुसकाल से किसकोड़ो के बीच 25.9 किमी सडक़, डुट्टा से चिलपरस के बीच 3.8 किमी सडक़। इसके अलावा कामतेड़ा मेढक़ी नदी एवं कटगांव वालेर नदी में उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य पूरा कराया। कोयलीबेड़ा से पखांजूर सडक़ निर्माण पूरा कराया जिसके
बाद अब कोयलीबेड़ा से पखांजूर की दूरी 105 किमी से घटाकर मात्र 45 किमी हो गई है। शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 06 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें 03 लाख का ईनामी परतापुर एरिया कमेटी का डिप्टी कमांडर सन्नू मंडावी तथा 05 लाख का ईनामी चंदन दर्रो प्रमुख हैं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते रावघाट परियोजना अंतर्गत ताड़ोकी तक रेल लाईन पूरी कराई।
पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत सिविक एक्शन कार्यक्रमों का आयोजन साल भर अंदरूनी क्षेत्रों में किया। ग्रामीण महिला पुरूषों, युवाओं तथा छात्रों को उनकी जरूरत का सामान उपलब्ध कराया। जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन करते उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण कराया। इससे पुलिस तथा अंदरूनी क्षेत्र की जनता के बीच सामंजस्य तथा विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने नवा अंजोर कार्यक्रम चलाते सिकसोड़ थाना के ग्राम मंडागांव में छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने लाइब्रेरी शुरू की। पुलिस द्वारा चलाए नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सलियों के आरकेबी डिविजन की गतिविधियों में बहुत ज्यादा कमी आई है।
उन्होने बताया कि सायबर सेल टीम ने ऑनलाइन फ्रॉड की कुल 3.98 लाख रुपए प्रार्थियों के खाता में वापस कराए ऑनलाइन फ्राड के 199 प्रकरणों में संदिग्ध खाता धारक के बैंक खाता को सीज कर 4.78 लाख रुपए होल्ड कराया। अनुमानित 05 लाख कीमत के 52 गुम मोबाइल खोजकर वापस कराए। महिलाटीम एवं महिला कमांडो का गठन करते महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने जिले के 15 सीमावर्ती क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए हैं।
पुलिस ने 2023 के विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जिसके चलते जिले के ऐसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र जहां मतदान की औपचारिकता मात्र होती थी, वहां इस बार बंपर मतदान हुआ। अंदरूनी क्षेत्रों के गांव में ग्रामीणों की सुविधा के लिए 2018 के चुनाव में 25 बूथों की तुलना मात्र 14 ही बूथ शिफ्ट किए गए ताकि ग्रामीणों को मतदान करने दूर नहीं जाना पड़े।

