155 ग्राम पंचायतों में 551 नए कार्य शुरू, 12,060 ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार; गांवों में विकास को मिली रफ्तार
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। माओवाद मुफ्त बीजापुर जिले के ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को नई गति मिलती दिखाई दे रही है। कभी नक्सल गतिविधियों के कारण विकास की राह में चुनौतियों का सामना करने वाले गांवों में अब निर्माण कार्यों के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। ग्रामीण भी अब काम के लिए आगे आ रहे हैं और अपने गांवों में चल रहे विकास कार्यों में भागीदारी निभा रहे हैं।जिले के 155 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की मांग के आधार पर 551 नए निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत संचालित इन कार्यों से वर्तमान में 12,060 ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। यह पहल ग्रामीणों को अपने गांव में ही काम उपलब्ध कराने और स्थानीय आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गांवों में निर्माण कार्यों से बदल रही तस्वीर
योजना के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पौधरोपण, श्मशान घाट निर्माण, बालिका शौचालय, आजीविका डबरी, रेत फिल्टर, कंटूर ट्रेंच और बोल्डर चेक डेम जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।1.71 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक जिले में योजना के तहत कुल 1,71,915 मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। निर्माण कार्यों के माध्यम से ग्रामीण श्रमिकों को काम मिलने से गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों को रोजगार के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की मजबूरी कम करने में भी ऐसे कार्य मददगार हो सकते हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की नई उम्मीद
बीजापुर जैसे आदिवासी और दूरस्थ जिले में शांति, सुरक्षा और विकास एक-दूसरे से जुड़े महत्वपूर्ण पहलू हैं। नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के साथ गांवों तक विकास योजनाओं की पहुंच और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ना सकारात्मक संकेत है। हालांकि, इस बदलाव को स्थायी बनाने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आजीविका से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाना जरूरी होगा।फिलहाल, जिले की 155 ग्राम पंचायतों में चल रहे 551 नए कार्य और 12 हजार से अधिक ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार इस बात की तस्वीर पेश करते हैं कि बीजापुर के गांवों में विकास और आजीविका के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। ग्रामीणों की बढ़ती भागीदारी से आने वाले समय में गांवों के बुनियादी ढांचे और आर्थिक स्थिति में और सुधार की उम्मीद की जा रही है।


