वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, 45 को वॉकिंग स्टिक वितरित; शॉल-श्रीफल से किया आत्मीय सम्मान
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए ‘समर्थ-जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र, बीजापुर’ में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, विधिक एवं साइबर जागरूकता तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोटाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे तथा अपर कलेक्टर एवं उप संचालक समाज कल्याण भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वरिष्ठजनों से संवाद कर उनका सम्मान किया।अतिथियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और मार्गदर्शन समाज एवं नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है। उनकी गरिमा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना परिवार एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता
स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकार एवं भरण-पोषण संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।जिला कोषालय एवं पुलिस विभाग ने पेंशन, आभार योजना और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। वरिष्ठजनों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
45 वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक
कार्यक्रम में 45 वरिष्ठ नागरिकों को उनकी दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए वॉकिंग स्टिक वितरित की गई। इसके साथ ही वरिष्ठजनों को शॉल, श्रीफल एवं फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वालों को पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में बुजुर्गों के प्रति अपनत्व और सम्मान का संदेश दिया।


