खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के पति, देवर और सास ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर पट्टे से गला कस दिया। महिला की मौत होने के बाद आरोपियों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सकर्रा निवासी दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद पति और ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। दुर्गा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों के अनुसार पति रोहित आए दिन दुर्गा के साथ मारपीट करता था। ससुराल पक्ष की ओर से मायके से 1 लाख 65 हजार रुपए लाने का दबाव भी बनाया जा रहा था। पैसे नहीं लाने और दो बेटियां होने की बात को लेकर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। 26 सितंबर को दुर्गा के मायके वालों को सूचना मिली कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह बेहोश हो गई है। उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण वहां से सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ससुराल पक्ष ने परिजनों को बताया कि दुर्गा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि मायके पक्ष को इस बात पर संदेह हुआ। दुर्गा के भाई विदेशी निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उससे 1 लाख 65 हजार रुपए की मांग की जा रही थी और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। घटना के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में गला घोंटने के कारण मौत होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में ससुराल पक्ष के लोग पुलिस को अलग-अलग जानकारी देते रहे। उनके बयानों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि 26 सितंबर को दहेज और पारिवारिक विवाद को लेकर दुर्गा के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद उसके गले में पट्टा डालकर खींचा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया और दुर्गा के शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया। पड़ोसियों ने दुर्गा को फंदे पर लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Trending
- नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
- जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनुपम झलक
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा


