खबर वर्ल्ड न्यूज-अजय शर्मा-जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम परसाही बाना में मकान निर्माण के दौरान खुदाई में कुछ प्राचीन मूर्तियां और सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। इनमें एक सिक्के पर “ONE ANNA”, “EAST INDIA COMPANY” और 1818 अंकित होने की बात सामने आई है। वस्तुएं मिलने की खबर के बाद गांव में इसकी चर्चा शुरू हो गई। सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वस्तुओं को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने अब इन मूर्तियों और सिक्कों की वास्तविकता तथा ऐतिहासिक महत्व की जांच के लिए पुरातत्व विभाग को पत्र लिखा है। विभाग के विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मूर्तियां किस धातु की हैं और सिक्के वास्तव में किस दौर के हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम परसाही बाना निवासी सम्पत कंवर अपने घर में निर्माण कार्य करा रहे थे। मकान की नींव के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सम्पत कंवर ने गांव में बताया कि उन्हें सपना आया था, जिसमें घर की नींव के नीचे सोने की मूर्तियां और पुराने सिक्के दबे होने की बात सामने आई थी।
इसके बाद उन्होंने गांव के एक बैगा को बुलाया। बताया जा रहा है कि बैगा ने पूजा-पाठ करने के बाद खुदाई कराई। इसी दौरान कुछ मूर्तियां और पुराने सिक्के मिलने की बात सामने आई।
मूर्तियां मिलने के बाद बैगा को आशंका हुई कि ये सोने की हो सकती हैं और इनकी कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है। इसी बात को लेकर मूर्तियों को अपने पास रखने के संबंध में सम्पत कंवर और बैगा के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सम्पत कंवर का कहना था कि मूर्तियां उनके घर की जमीन से निकली हैं, इसलिए वे इन्हें अपने पास रखेंगे। दूसरी ओर बैगा भी मूर्तियां लेने की बात पर अड़ा रहा। विवाद बढ़ने के बाद सम्पत कंवर ने मामले की सूचना अकलतरा पुलिस को दी।
पुलिस के कब्जे में आई वस्तुओं में कुछ पुराने सिक्के भी बताए जा रहे हैं। इनमें एक सिक्के पर “ONE ANNA” और “EAST INDIA COMPANY” लिखा होने की जानकारी सामने आई है। सिक्के पर 1818 अंकित होने की बात भी कही जा रही है। इसी आधार पर इन्हें ब्रिटिशकालीन सिक्के होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि मूर्तियां वास्तव में सोने की हैं या किसी अन्य धातु से बनी हुई हैं। इसी तरह सिक्के किस धातु के हैं और उनका वास्तविक ऐतिहासिक महत्व क्या है, यह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
Trending
- बेमेतरा में 19 करोड़ की पारेषण सौगात: 132/33 केवी उपकेंद्र शुरू, 97 गांवों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण बिजली
- छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2026: 98% बोनी पूरी, खाद-बीज भंडारण और कृषि ऋण में नया कीर्तिमान
- ढलानों पर बनेगी जल-संरक्षण की राह, संवरेंगे खेत और गांव
- रायगढ़ में कोटपा कानून सख्त: 20 पान ठेलों पर कार्रवाई, ₹1,830 का जुर्माना वसूला
- शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता- कलेक्टर
- मेहनत को मिला योजनाओं का संबल, सीता मरावी बनीं गांव की ‘लखपति दीदी’
- सती बाई कहती हैं विष्णु भइया के सुशासन में मिला सहारा, आज अपने पैरों पर खड़ी हूं
- रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में बिहार की महिला की जटिल बीटिंग हार्ट बाईपास सर्जरी सफल


