खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई राष्ट्रीय टीम और पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। इस नई कार्यकारिणी में पार्टी ने क्षेत्रीय संतुलन और आगामी चुनावी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए देश भर के प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस राष्ट्रीय पुनर्गठन में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण और सशक्त प्रतिनिधित्व हासिल हुआ है।
महासमुंद से भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देते हुए नई कार्यकारिणी में जगह दी गई है, वहीं छत्तीसगढ़ के संगठनात्मक कार्यों में लंबे समय से सक्रिय दीपक म्हस्के को डिजिटल रणनीति की कमान सौंपते हुए सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय नेतृत्व में शामिल प्रमुख नाम
-
रूप कुमारी चौधरी (सांसद, महासमुंद):
पूर्व में विधायक व संसदीय सचिव रह चुकीं और 2024 के लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से बड़ी जीत दर्ज करने वाली रूप कुमारी चौधरी को केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी में महिला नेतृत्व और जमीनी पकड़ को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्हें केंद्रीय टीम में जगह दी गई है।
-
दीपक म्हस्के (राष्ट्रीय संयोजक – सोशल मीडिया):
तकनीकी व डिजिटल मोर्चे पर लंबे समय से पार्टी की नीतियों और अभियानों को संचालित करने वाले दीपक म्हस्के को अब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के डिजिटल अभियानों और सोशल मीडिया की रणनीति का जिम्मा दिया गया है।


