खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर बीजापुर रेंज में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ 12 बटालियनों के 500 से अधिक अधिकारी एवं जवानों ने भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली। दुगोली स्थित 214वीं बटालियन के मुख्यालय से शुरू हुई इस रैली में 250 से अधिक मोटरसाइकिलें शामिल रहीं। रैली को बीजापुर रेंज के प्रभारी पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश चौधरी एवं 22वीं बटालियन के कमांडेंट रणदीप शर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पांच अलग-अलग मार्गों में विभाजित होकर नाम्बी, तर्रेम, भोपालपटनम, गंगालूर और भैरमगढ़ तक पहुंची। रैली का मुख्य संदेश ‘नक्सल मुक्त भारत और शहीदों को नमन’ रहा। तिरंगे से सजी मोटरसाइकिलों और वाहनों के साथ जवानों ने देशभक्ति गीतों के बीच पूरे उत्साह और जोश के साथ यात्रा निकाली।
ढाई दशक के संघर्ष और बलिदान को किया नमन
1967 में शुरू हुआ नक्सलवाद वर्ष 2000 तक गंभीर सशस्त्र चुनौती के रूप में सामने आया। आंतरिक सुरक्षा की इस चुनौती से निपटने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की योजनाबद्ध तैनाती की गई। लगभग ढाई दशक चले इस संघर्ष में CRPF के सैकड़ों अधिकारी और जवान शहीद हुए। ताड़मेटला, बुरकापाल, मिनपा और टेकलगुडेम जैसी बड़ी घटनाओं में जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, लेकिन नक्सल विरोधी अभियान के प्रति उनका संकल्प कमजोर नहीं पड़ा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किए जाने के बाद सुरक्षा बलों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने समन्वित अभियान चलाया। इसके परिणामस्वरूप नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की नई उम्मीद पैदा हुई है।
विकास और शांति का संदेश
तिरंगा यात्रा में शामिल जवानों के बैनर और पोस्टरों में केवल अभियान की सफलता का उत्साह ही नहीं बल्कि नक्सल मुक्त भारत के बाद शांतिपूर्ण विकसित और प्रगतिशील भारत की परिकल्पना भी दिखाई दी। जवानों ने शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और विकास के बेहतर अवसरों वाले नए भारत का संदेश दिया।रैली के दौरान मोटरसाइकिलों और वाहनों को तिरंगे एवं आकर्षक बैनरों से सजाया गया था। देशभक्ति गीतों से गूंजता पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। अधिकारियों और जवानों में इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर उत्साह और गौरव का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।पूरे अभियान का निर्देशन बीजापुर रेंज के प्रभारी पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश चौधरी ने किया। विभिन्न बटालियनों के कमांडेंट एवं अधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व किया और रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Trending
- चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
- करीब 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी हुए शामिल
- युवा अपने हौसलों को मजबूत कर लक्ष्य हासिल करें- वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी
- हज प्रशिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, 23 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन – मिर्जा एजाज बेग
- रायपुर में स्मार्ट पुलिसिंग का नया अध्याय: कमिश्नरेट के सभी 21 थानों में लागू हुआ ‘e-मालखाना 2.0’
- अबुझमाड़ में विकास का नया दौर: ‘पीएम जनमन’ योजना से पगडंडियां बनीं पक्की सड़क
- तंबाकू पर शिकंजा कसने की तैयारी, कोटपा के कड़े अमल से बनेगा तंबाकू मुक्त छत्तीसगढ़
- नक्सलमुक्त झीरम तक निकली भाजयुमो की तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन


