किसानों और ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन टोकन क्रमांक CC260600009140 के माध्यम से आवेदक श्री हरिराम साहू द्वारा शासकीय भूमि जगन्नाथपुर जलाशय नहर की सर्विस रोड पर किए गए अवैध कब्जे के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई। शिकायत के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। टीम ने शिकायत में उल्लेखित तथ्यों का परीक्षण एवं सत्यापन करते हुए संबंधित स्थल की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आवेदक, ग्राम के कृषकों एवं संबंधित कब्जाधारी की उपस्थिति में विभागीय कर्मचारियों द्वारा नियमानुसार सीमांकन की कार्रवाई की गई।
विभागीय एवं तहसील अमले ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
मामले की गंभीरता एवं शासकीय भूमि से संबंधित होने के कारण विभाग द्वारा तहसील प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई। निर्धारित तिथि पर विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं तहसील विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को सफलतापूर्वक हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर उसका मूल स्वरूप पुनः स्थापित किया जाए। अवैध कब्जा हटाए जाने के बाद जगन्नाथपुर जलाशय नहर की सर्विस रोड पूर्णतः अवरोधमुक्त हो गई। इससे क्षेत्र के आम नागरिकों एवं कृषकों का आवागमन पुनः सुचारू, सुगम एवं सुरक्षित रूप से प्रारंभ हो सका।
सीएम हेल्पलाइन से मिली शिकायत का समयबद्ध निराकरण
प्रशासन द्वारा शिकायत पर की गई त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से आवेदक श्री हरिराम साहू ने संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायत का विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।यह प्रकरण दर्शाता है कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व्यवस्था आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा मैदानी स्तर पर कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों को राहत पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक बिना किसी कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाए अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को शासन के संज्ञान में ला सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण, सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे प्रशासन में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं जनविश्वास को मजबूती मिल रही है।
जगन्नाथपुर जलाशय नहर की सर्विस रोड से अवैध कब्जा हटाने की यह कार्रवाई जनहित में प्रशासन की संवेदनशीलता, तत्परता तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है। इससे न केवल आवेदक की शिकायत का समाधान हुआ, बल्कि क्षेत्र के अन्य नागरिकों एवं कृषकों को भी आवागमन की सुविधा प्राप्त हुई है।


