खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। कटघोरा–डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। परियोजना की स्वीकृति के पश्चात मुंगेली आगमन पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू का कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।
लगभग 100 वर्षों से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के अथक प्रयासों से नई गति मिली है। 295 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना में केंद्र एवं राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत सहभागिता के आधार पर इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री की स्वीकृति के बाद परियोजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
पूर्व में इस परियोजना में केंद्र सरकार की 25 प्रतिशत तथा रेल विकास निगम की 25 प्रतिशत हिस्सेदारी का प्रावधान था, जबकि शेष हिस्सेदारी राज्य सरकार की थी। हिस्सेदारी की व्यवस्था के कारण परियोजना की प्रगति में विलंब हो रहा था। अब केंद्र और राज्य सरकार की सहभागिता के आधार पर परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन मुंगेली, पंडरिया, कवर्धा होते हुए डोंगरगढ़ को जोड़ेगी। इस रेल संपर्क से क्षेत्र में आवागमन के साथ-साथ व्यापार, उद्योग, कृषि एवं रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। मुंगेली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने से आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
स्वीकृति के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के मुंगेली आगमन पर तखतपुर, जरहागांव, बरेला सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं,आमजन तथा सामाजिक संगठनों द्वारा उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। स्वागत रैली में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं पूर्व सांसद लखनलाल साहू भी उनके साथ रहे।
मुंगेली स्थित जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर पहुंचने पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं पूर्व सांसद लखनलाल साहू का भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल परियोजना की स्वीकृति क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। लगभग एक सदी पुरानी रेल लाइन की मांग का पूरा होना मुंगेली, पंडरिया और कवर्धा सहित पूरे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस परियोजना से आने वाले समय में क्षेत्र में विकास और रोजगार की नई संभावनाएं पैदा होंगी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला मुंगेली के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Trending
- ई-बसों से बदलेगी शहरों की पब्लिक ट्रांसपोर्ट की तस्वीर, 240 बसों के संचालन के लिए बनी रणनीति
- छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें लेंगी हिस्सा, राज्य के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
- हेमाबंद में पशु क्रूरता मामले में प्रशासन की सख्ती, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार,शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया
- नवा रायपुर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने पर जोर – आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी
- ड्रोन के पंखों से आत्मनिर्भरता की उड़ान, ‘विष्णु भैया’ की योजनाओं से हेमलता बनीं ड्रोन दीदी
- सातवें वेतनमान के पेंशनरों को अब 58 प्रतिशत और छटवें वेतमान के पेंशनरों को मिलेगा 257 प्रतिशत महंगाई राहत
- रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की राशि बनी बहनों के लिए शगुन, बलरामपुर की रानी, प्रमिला और करिश्मा के चेहरे पर आई मुस्कान
- रक्षाबंधन से पहले विष्णु भैया का बहनों को खुशियों का उपहार


