खबर वर्ल्ड न्यूज-बालोद। बालोद जिले में यातायात पुलिस ने नाबालिगों के वाहन चलाने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले तीन दिनों में 54 नाबालिगों को पकड़ा। इन मामलों में 1 लाख 7 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने नाबालिगों के पालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पालकों को बच्चों को वाहन नहीं देने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने की समझाइश दी गई। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश पर यातायात पुलिस के साथ सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में नाबालिग वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नाबालिगों के वाहन चलाते पाए जाने पर उनके पालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी चव्हाण ने अभिभावकों से कहा है कि नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। वाहन देने से पहले उनकी उम्र और वैध ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता का ध्यान रखें। अभियान के तहत 7 अगस्त को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 118 प्रकरण दर्ज किए गए और 38,500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
कार्रवाई में बिना हेलमेट वाहन चलाने के 12, बिना सीट बेल्ट के 5, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने के 2 और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने का 1 मामला शामिल है। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 89 प्रकरण दर्ज किए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण पेश किए गए। दोनों मामलों में कुल 20 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। यातायात प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले दोनों चालकों के लाइसेंस निलंबित कराने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा जा रहा है।
नियमों के अनुसार पहली बार शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े जाने पर ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया जाता है। दोबारा पकड़े जाने पर लाइसेंस निरस्त करने का प्रावधान है।
Trending
- मोदी जी चला रहे हैं छत्तीसगढ़ की सरकार- सांसद संजय सिंह
- नाबालिगों के हाथों में स्टेयरिंग सौंपना पड़ेगा भारी: बालोद पुलिस का बड़ा एक्शन, 54 नाबालिग धराए, अभिभावकों पर भी गिरी गाज
- सावन शिवरात्रि पर होगा कांवड़ यात्रा का मुख्य समापन: 11 अगस्त को शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक
- शनिवार को ‘स्पाइडर-मैन’ ने मचाया तहलका, ‘धमाल 4’ की ठोस पकड़; जानें ‘जीडीएन’ और ‘डीसी’ का पूरा रिपोर्ट कार्ड
- बारिश के मौसम में कुंदरू है सेहत का खजाना: शुगर कंट्रोल और वेट लॉस में मददगार, लेकिन पके कुंदरू के सेवन से बचें
- तखतपुर में अवैध क्लिनिक पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन का बड़ा छापा: 36 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं जब्त, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
- छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी का असर: मानसून हुआ सक्रिय, रायपुर में गिरा पारा; उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
- AAP सासंद संजय सिंह का आज छत्तीसगढ़ दौरा


