खबर वर्ल्ड न्यूज-दुर्ग। दुर्ग जिले में पहली बार शराब के नशे में यात्री बस चलाने वाले चालक को अदालत ने जेल की सजा सुनाई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट, दुर्ग ने आरोपी चालक को 15 हजार रुपए के जुर्माने के साथ तीन दिन के साधारण कारावास की सजा सुनाई।
दरअसल, सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस विशेष वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान राजनांदगांव-दुर्ग-भिलाई रूट पर चल रही गुरुनानक ट्रेवल्स की यात्री बस को जांच के लिए रोका गया।
बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। जांच के दौरान पुलिस को चालक जितेंद्र देवांगन के व्यवहार पर संदेह हुआ। इसके बाद उसका ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। चालक नशे की हालत में यात्रियों से भरी बस चला रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे की हालत में सार्वजनिक यात्री बस चलाना गंभीर लापरवाही है। इससे बस में सवार यात्रियों के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 और 184 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की। यातायात पुलिस ने जांच रिपोर्ट और अन्य सबूतों के साथ प्रकरण को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुर्ग की अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चालक को दोषी करार दिया। कोर्ट ने आरोपी पर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और तीन दिन के साधारण कारावास की सजा सुनाई।
पुलिस का कहना है कि दुर्ग जिले में यह पहला मामला है, जिसमें शराब के नशे में यात्री बस चलाने वाले चालक को जेल की सजा मिली है। अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लिए कड़ा संदेश जाएगा।
Trending
- भाजपा ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित: छत्तीसगढ़ के विधायक ललित चंद्राकर बने राष्ट्रीय महामंत्री
- किराना दुकान से आत्मनिर्भर बनीं पूनम देवी
- चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, फसल क्षति का सर्वे करने खेतों तक पहुंचा प्रशासन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों को गरीबी से मिली मुक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- धान खरीदी 2026-27: किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर शासन का फोकस, रकबा सुधार और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं में तेज़ी
- दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री साय: बोले- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से छत्तीसगढ़ की लोक कला को मिल रही वैश्विक पहचान
- उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
- चिल्फी अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई: बिहार के कैमूर से लाया जा रहा 301 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज


