वृक्षारोपण, प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान और शिक्षा-पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ, मुंगेली इकाई द्वारा शुक्रवार को संघ का 10वाँ स्थापना दिवस उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग मुंगेली, संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र निर्मलकर तथा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती पूजन कर किया। स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों एवं छात्रावास अधीक्षक साथियों ने छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रावास अधीक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रावासों में शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए सभी अधीक्षकों से इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र निर्मलकर ने कहा कि “एकजुटता हमारी पहचान, सेवा हमारा मिशन और समर्पण हमारी ताकत है।” उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संघ के निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया और संगठन की मजबूती पर बल दिया। इस अवसर पर संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती गंगोत्री भगत, प्रवक्ता गरिमा दुबे, कुंदन यादव, विनय साधू, विकास व्यास, विवेक कुमार, सुरेंद्र राजपूत, विक्रम सिंह, ओमप्रकाश राठौर, रूबीना बानो, निकिता शर्मा, बरखा राज, तंद्रिमा दास, प्रीति शुक्ला, चांदनी जयसिंघानी सहित जिले के सभी छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


