खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कांकेर जिले के कई गांवों में पादरियों और धर्मांतरित ईसाइयों के प्रवेश पर बैन के खिलाफ दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया है। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने कहा कि प्रलोभन या गुमराह कर जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए होर्डिंग्स लगाना असंवैधानिक नहीं है। कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि ये होर्डिंग्स संबंधित ग्राम सभाओं ने स्थानीय जनजातियों और सांस्कृतिक विरासत के हितों की रक्षा के लिए एक एहतियाती उपाय के रूप में लगाए हैं। डिवीजन बेंच ने याचिकाकर्ताओं को पेसा नियम 2022 के तहत ग्राम सभा और संबंधित अधिकारी के पास जाने का निर्देश दिया है।
दरअसल, कांकेर के रहने वाले दिग्बल टांडी और जगदलपुर के रहने वाले नरेंद्र भवानी ने हाईकोर्ट में अलग-अलग जनहित याचिकाएं लगाई थी। जिसमें बताया गया कि जिले के कुदाल, परवी, बांसला, घोटा, घोटिया, मुसुरपुट्टा और सुलंगी जैसे गांवों में ग्राम पंचायतों ने पेसा एक्ट का हवाला देकर होर्डिंग्स लगाए हैं। होर्डिंग्स में लिखा है कि गांव पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है और ग्राम सभा संस्कृति की रक्षा के लिए पादरियों और धर्मांतरितों को धार्मिक कार्यक्रम या धर्मांतरण के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं है। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायतों ने पेसा एक्ट का हवाला देकर होर्डिंग्स लगाए हैं, जो संविधान के अनुच्छेद 19 (1) (डी) और 25 का उल्लंघन हैं। उनका यह भी आरोप है कि राज्य सरकार के 14 अगस्त 2025 के सर्कुलर से प्रेरित होकर ये होर्डिंग्स लगाए गए हैं।
वहीं राज्य सरकार ने अपने जवाब में तर्क दिया कि याचिकाएं सिर्फ आशंका पर आधारित हैं। राज्य सरकार के सर्कुलर में कहीं भी धार्मिक नफरत फैलाने या होर्डिंग्स लगाने का निर्देश नहीं है। यह सर्कुलर केवल अनुसूचित जनजातियों की पारंपरिक संस्कृति की रक्षा के लिए है। बस्तर संभाग में स्थानीय आदिवासियों और धर्मांतरित ईसाइयों के बीच विवादों के कारण एफआईआर भी दर्ज हुई हैं। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि होर्डिंग्स जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए हैं, यह सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है। याचिकाकर्ताओं को पेसा नियमों के तहत वैकल्पिक उपाय अपनाने को कहा गया। साथ ही यह भी कहा गया कि अगर गांव में प्रवेश रोकने या खतरे की आशंका हो तो पुलिस से मदद लें।
Trending
- मुख्यमंत्री सेवा सेतु बना सहारा: नाम परिवर्तन की प्रक्रिया हुई आसान, छात्रा की जेईई परीक्षा की राह हुई सुगम
- ऑनलाइन टोकन सुविधा से महिला किसानों को भी मिल रही सहूलियत, धान खरीदी बनी आसान
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से कंचन तिवारी को मिला आर्थिक संबल, मातृत्व के सफर में बनी मददगार
- ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 85 किलो गांजे समेत 71.67 लाख रुपये का माल जब्त; महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
- इलाज की चिंता से मुक्ति: छत्तीसगढ़ में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बनी आयुष्मान योजना
- जल जीवन मिशन ने बदली पहाड़ी गांव गहन्दर की तस्वीर, पानी जुटाने की जद्दोजहद से मिली मुक्ति
- उड़ीसा में सक्रिय दो इनामी माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
- बड़ेपल्ली के जंगल में माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद


