खबर वर्ल्ड न्यूज-सरगुजा। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी के साथ भाग जाने के बाद आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी पिछले डेढ़ साल से एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी, जिसके चलते घर में कई बार विवाद भी हुआ था। पत्नी के फरार होने से आहत होकर व्यक्ति ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, डिगमा गांव निवासी कृष्णा दास (55 वर्ष) की पत्नी अनिता दास (35 वर्ष) 29 अक्टूबर को अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। बताया जाता है कि कृष्णा दास ने अगले दिन पत्नी की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इससे वह मानसिक रूप से टूट गया। 30 अक्टूबर की शाम वह घर लौटा, शराब पीने के बाद उसने जहर सेवन कर लिया। कृष्णा दास ने अपने बेटे उत्तम दास से कहा, “जीने का मन नहीं कर रहा है, मैंने जहर खा लिया है।” यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में वह घर के आंगन में गिरकर बेहोश हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मिशन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गांधीनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि पत्नी के भाग जाने से दुखी होकर ही कृष्णा दास ने आत्मघाती कदम उठाया। जानकारी के अनुसार, कृष्णा दास की पहली पत्नी सीता दास की करीब 18 साल पहले मौत हो चुकी थी। पहली पत्नी से उसका एक बेटा उत्तम दास है। पत्नी की मौत के करीब एक साल बाद उसने बलरामपुर निवासी अनिता दास से दूसरी शादी की थी। दोनों की शादी को लगभग 17 साल हो चुके थे और उनकी एक 16 वर्षीय बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले अनिता दास का प्रेम संबंध जोड़ा पीपल क्षेत्र में डेयरी में काम करने वाले युवक मोनू से हो गया था।
बताया जा रहा है कि मोनू ने अनिता को बातचीत के लिए एक मोबाइल फोन भी खरीदकर दिया था। जब परिवार को इस संबंध की जानकारी हुई तो घर में कई बार विवाद हुआ। कुछ महीने पहले गांव में एक बैठक (पंचायत) भी बुलाई गई थी, जिसमें अनिता को समझाइश दी गई थी कि वह अपने पति और परिवार के साथ रहकर अपने बच्चों का ध्यान रखे। लेकिन इसके बाद भी उसने अपने प्रेमी से संपर्क जारी रखा। 29 अक्टूबर की शाम वह घर से बिना बताए निकली और वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने आसपास और परिचितों के बीच खोजबीन की तो पता चला कि मोनू भी उसी दिन से गायब है। इससे साफ हो गया कि दोनों साथ भाग गए हैं। इस घटना से कृष्णा दास बेहद निराश और आहत हो गया था। वह पूरे दिन घर में उदास रहता था। आखिरकार 30 अक्टूबर की शाम उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मर्ग कायम किया है। गांधीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस टीम फरार महिला और उसके प्रेमी की तलाश में जुटी है।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के अंतर्गत राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का शुभारंभ
- कोहरा’ जैसी रचनाएं समाज को सजग करने और सच सामने लाने का सशक्त माध्यम – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- मिट्टी के तालाब में समृद्धि की लहर, बिहान से जय कुमारी ने गढ़ी आत्मनिर्भरता की राह
- तस्वीरों ने ताजा कीं मुख्यमंत्री विष्णुदेवसाय की पुरानी यादें : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में हुए शामिल
- सौर ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ बनेगा देश का अग्रणी राज्य – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- विष्णु भैया के सुशासन में विष्णुभोग की महक से महक रहा जीपीएम
- छत्तीसगढ़ पर्यटन बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े से सावधान
- नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण


