जमीनों की वापसी सुनिश्चित करने हेतु उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिला मुख्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में सलवा जुडुम के दौरान विस्थापितों की पैतृक जमीनें अब उद्योगपतियों की लालच का शिकार बन रहे हैं। उन्हाेने कहा कि भैरमगढ़ राहत शिविरों में रह रहे पांच ग्रामीणों की कुल 109 एकड़ पैतृक भूमि को रायपुर निवासी उद्योगपति महेन्द्र गोयनका ने भूस्वामियों को बहला-फुसलाकर खरीद लिया। विधायक विक्रम मंडावी ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। विक्रम मंडावी प्रेसवार्ता में बताया कि इन भूस्वामियों को जमीन बेचने की कोई जानकारी नहीं थी। उन्हाेने आरोप लगाया कि रायपुर के उद्योगपति ने भैरमगढ़ राहत शिविरों में रह रहे इन परिवारों की उपजाऊ जमीन को छलपूर्वक अपने नाम करवा लिया। विक्रम मंडावी ने सरकार से इन जमीनों की तत्काल वापसी सुनिश्चित करने और मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए एक समिति गठित करने की मांग की है।
कांग्रेस के बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी के अनुसार कुल 109 एकड़ भूमि पर यह विवाद है। जिन परिवारों की जमीन पर कथित कब्जा हुआ है, उनमें 1. चेतन नाग (ग्राम धर्मा, 12 एकड़), 2. घस्सू राम (ग्राम बैल, 29 एकड़), 3. पीला राम (ग्राम बैल, 18 एकड़), 4. लेदरी सेठिया (ग्राम छोटेपल्ली, 40 एकड़), 5. बीरबल (ग्राम मरकापाल, 10 एकड़) विधायक मंडावी ने भाजपा सरकार पर बस्तर के जल, जंगल और जमीन की लूट बढ़ाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों की नजर अब बस्तर की उपजाऊ जमीनों पर है। भाजपा शासन में लूट का नया दौर चल पड़ा है, जिससे आदिवासी अस्मिता पर हमला हो रहा है। उन्होंने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र से लगे ग्राम धर्मा, बैल, छोटेपल्ली और मरकापाल के ये ग्रामीण सलवा जुडुम के दौरान राहत शिविरों में रह रहे थे। इसी अवधि में उनकी पैतृक भूमि को कथित तौर पर चोरी-छिपे बेच दिया गया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी तब मिली जब वे अपने गांवों में लौटने की तैयारी कर रहे थे। विधायक विक्रम मंडावी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मामला केवल पांच परिवारों का नहीं, बल्कि पूरे बस्तर के विस्थापितों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सवाल है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने सरकार के समक्ष चार मांगे रखी हैं, जिनमें प्रमुख रूप से 1.जमीनों की खरीद और बिक्री की उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन करने 2.प्रभावित परिवारों को जमीनों की तत्काल वापसी करने। 3.धोखाधड़ी में शामिल लोगों पर कार्रवाई करने और 4.आदिवासी क्षेत्रों में भूमि हस्तांतरण पर सख्त निगरानी रखने जैसे मांगे प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रेसवर्ता के दौरान पीड़ित परिवार और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्या श्रीमती नीना रावतिया उद्दे,पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम,पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, पीसीसी सदस्य ज्योति कुमार, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम,जनपद उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी,मीडिया प्रभारी राजेश जैन, जनपद सदस्य मनोज अवलम,पार्षद बबिता झाड़ी,शहर अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर पुरुषोत्तम खत्री,वरिष्ठ कांग्रेसी वेणु गोपाल राव,वरिष्ठ कांग्रेसी प्रवीण डोंगरे,पुरुषोत्तम सल्लूर,बोधि ताती,ब्लाक अध्यक्ष रमेश यालम,अरुण वसम,युवा कांग्रेस एजाज खान,बसंत हपका,सुनील उद्दे,कलाम खान,विजय पाल शाह और लक्ष्मण कड़ती सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


