खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर संभाग में भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए युवा स्टंट कर खुलेआम ट्रैफिक नियम तोड़ रहे हैं, जो सड़क सुरक्षा के लिए चुनौती बन रहे हैं। कांकेर जिले में एक कपल का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें युवती अपने बॉयफ्रेंड की गोद में बैठकर चलती स्कूटी पर घूमती दिखी। दोनों कुछ जगहों पर किस करते भी नजर आए। यह मामला कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र का है और पुलिस इस पर जांच कर रही है। वहीं दूसरा मामले में दंतेवाड़ा जिले में कुछ युवकों ने चलती इनोवा कार की छत पर चढ़कर, फाटक से लटकते हुए और कार को खींचते हुए स्टंटबाजी की रील बनाई। यह वीडियो भी वायरल हुआ, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार जब्त की और ₹3,100 का चालान काटा है। वहीं दंतेवाड़ा जिले में अब तीसरे मामले में पुलिसकर्मी की बेटी ने चलती स्कॉर्पियो की छत पर बैठकर स्टंट करते हुए रील बनाई। वायरल वीडियो मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस उसके घर पहुंची, वाहन जब्त किया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ₹2,300 का चालानी कार्यवाही की है।
मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मंगलवार की रात कांकेर में कपल चलती स्कूटी पर रोमांस करते नजर आए। इसका वीडियो एक कार सवार ने बना लिया। कार सवार ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कपल बिना नंबर प्लेट वाली सफेद स्कूटी में नजर आ रहे हैं। गर्लफ्रेंड अपने बॉयफ्रेंड की गोद पर बैठी हुई दिखाई दे रही है। राइड के दौरान दोनों ने हेलमेट नहीं पहना है। चलती स्कूटी पर कपल आपस में इतने मशगूल थे कि इन्हें बाजू से गुजर रही गाड़ियों का भी डर नहीं था। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की हरकतें समाज के लिए गलत संदेश देती है और शहर की छवि भी धूमिल होती है। उन्होंने इस मामले में पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा ने कहा कि चलती स्कूटी पर कपल के रोमांस का वीडियो सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस को जांच और कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। मामले में सख्त एक्शन लिया जाएगा।
दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जहां 6 लड़के इनोवा कार सीजी-18- के-6300 पर स्टंट कर रहे थे। इनमें एक ड्राइविंग सीट पर बैठ कर गाड़ी चला रहा था। दूसरा कार को खींच रहा था। तीसरा दरवाजे पर लटका हुआ था और चौथा गाड़ी के ऊपर खड़ा था। इसके साथ ही पांचवां कार की डिग्गी पर बैठा था और छठवां युवक बोनट पर लेटा हुआ था। सोशल मीडिया में ट्रेंड के चलते इन्होंने भी रील बनाई और वायरल कर दी, जिसके बाद पुलिस ने सबसे पहले वाहन का पता लगाया। इसके बाद इनकी पहचान की गई। ट्रैफिक पुलिस सीधे वाहन मालिक के घर पहुंच गई। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184,, 119/177, 21(6), 194(B) के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही 3100 रुपए का चालान भी काटा गया। इन्होंने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया।
वहीं तीसरा मामले में दंतेवाड़ा की युवती ने चलती स्कॉर्पियो की छत पर बैठकर स्टंट करते हुए रील बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। युवती के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर स्टंटबाजी के कई वीडियो थे, जिनके आधार पर ट्रैफिक पुलिस उसके घर पहुंची। पुलिस ने सीजी-18- क्यू-7252 नंबर की स्कॉर्पियो जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 130 (1)/177 के तहत ₹2,300 का चालान काटा, युवती के पिता जगदीश पाटीदार बारसूर थाना में तैनात हैं।
दंतेवाड़ा के यातायात प्रभारी प्रह्लाद साहू का कहना है कि इस प्रकार के स्टंट बाजी से लोगों में गलत संदेश जाता है। कम उम्र के युवा ज्यादातर इसके शिकार होते हैं, इसलिए स्टंट बाजों पर कार्रवाई कर समझाइश भी दी गई है।
Trending
- मुख्यमंत्री सेवा सेतु बना सहारा: नाम परिवर्तन की प्रक्रिया हुई आसान, छात्रा की जेईई परीक्षा की राह हुई सुगम
- ऑनलाइन टोकन सुविधा से महिला किसानों को भी मिल रही सहूलियत, धान खरीदी बनी आसान
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से कंचन तिवारी को मिला आर्थिक संबल, मातृत्व के सफर में बनी मददगार
- ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 85 किलो गांजे समेत 71.67 लाख रुपये का माल जब्त; महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
- इलाज की चिंता से मुक्ति: छत्तीसगढ़ में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बनी आयुष्मान योजना
- जल जीवन मिशन ने बदली पहाड़ी गांव गहन्दर की तस्वीर, पानी जुटाने की जद्दोजहद से मिली मुक्ति
- उड़ीसा में सक्रिय दो इनामी माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
- बड़ेपल्ली के जंगल में माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद


